गणतंत्र दिवस पर परेड ग्राउंड में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, भव्य परेड की ली सलामी
उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस व अधिकारियों को सम्मान, झांकियों और परेड टुकड़ियों का पुरस्कार वितरण
Dehradun, 26 January: गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों को पदक अलंकरण कर सम्मानित किया गया तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा राज्य सरकार की योजनाओं, नीतियों और सामाजिक संदेशों पर आधारित मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। सूचना विभाग की झांकी “उत्तराखण्ड रजत जयंती और शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन” विषय पर आधारित रही। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पर्यटन विभाग, उद्यान विभाग, विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेड़ा), वन विभाग, उद्योग विभाग तथा संस्कृत शिक्षा विभाग की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रतियोगिता में सूचना विभाग को प्रथम, संस्कृत शिक्षा विभाग को द्वितीय तथा विद्यालयी शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेता विभागों को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

समारोह में 14वीं डोगरा रेजीमेंट, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, हिमाचल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी, 40वीं वाहिनी महिला दल, उत्तराखण्ड होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल, एनसीसी बॉयज, एनसीसी गर्ल्स, अश्व दल, पुलिस संचार, अग्निशमन, सीपीयू सहित विभिन्न टुकड़ियों ने भव्य परेड में भाग लिया। परेड प्रतियोगिता में सीआरपीएफ को प्रथम, आईटीबीपी को द्वितीय तथा 14वीं डोगरा रेजीमेंट को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेता टुकड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के लोक कलाकारों ने छोलिया नृत्य, गढ़वाली नृत्य, पाइप बैंड सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति की झलक प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों, शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
समारोह में भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, गीता धामी, सुबोध उनियाल, नरेश बंसल, महेंद्र भट्ट, खजान दास, सौरभ थपलियाल, आनंद बर्द्धन, दीपम सेठ, रविनाथ रामन, सविन बंसल, अजय सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
लोक भवन में भी फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोक भवन में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों और सशस्त्र बलों के जवानों को नमन किया। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विश्व गुरु भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में नागरिक सहभागिता पर बल दिया।
गणतंत्र दिवस 2026 पर सम्मानित अधिकारी
- नीरज सिंघल – निदेशक, पशुपालन विभाग
- मस्तू दास – सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी
- अरुण कुमार सिंह – अनुभाग अधिकारी, सचिवालय
- राकेश सिंह असवाल – समीक्षा अधिकारी, सचिवालय
राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक (पुलिस बल)
- यशपाल सिंह – निरीक्षक, एसटीएफ देहरादून
- नरोत्तम बिष्ट – उप निरीक्षक, एसटीएफ देहरादून
- देवेंद्र कुमार – आरक्षी, एसटीएफ देहरादून
- भूपेंद्र सिंह मर्तोलिया – मुख्य आरक्षी, एसटीएफ कुमाऊँ
- सुनील कुमार – अपर उप निरीक्षक, सशस्त्र पुलिस पौड़ी गढ़वाल
- सुनील रावत – मुख्य आरक्षी, नागरिक पुलिस देहरादून
#TheIndiaVox
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

