दिनदहाड़े हत्याकांड में रंजिश बनी मौत का सबब, दो भाइयों ने बीच सड़क शुभम को उतारा मौत के घाट
Dehradun, 27 September: राजधानी देहरादून के शांत माने जाने वाले डालनवाला इलाके में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो सगे भाइयों ने धारदार हथियार से एक युवक की सरेआम हत्या कर दी। अंबेडकर कॉलोनी, डीएल रोड पर हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया और लोग दहशत में अपने घरों में सिमट गए।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान शुभम पुत्र स्वराज सिंह, निवासी अंबेडकर कॉलोनी, डालनवाला के रूप में हुई है। वह गुरुवार शाम अपने घर के पास था, तभी सुकिंदर सिंह के पुत्र निखिल और अमन ने उसे बुलाया और विवाद के दौरान धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान शुभम को परिजन दून अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी देहरादून ने घटना की जानकारी मिलते ही विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिशें दीं। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सिर्फ छह घंटे में दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाली बात सामने आई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके परिवार का मृतक शुभम से लंबे समय से पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार शाम इसी को लेकर कहासुनी हुई, जो खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्से में निखिल और अमन ने शुभम पर हमला कर उसकी जान ले ली।
इस सनसनीखेज हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

