पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या के खुलासे के बाद किया गिरफ्तार
Kashipur, 10 September: उत्तराखंड के काशीपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ प्रेम प्रसंग के चलते जीजा और साले ने मिलकर प्रेमिका के पति को मौत के घाट उतार दिया। दोनों ने वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सारा सच उजागर कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल बाइक और तमंचा बरामद कर लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को कुंडा क्षेत्र में सड़क हादसे जैसी स्थिति में घायल युवक की सूचना मिली थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के आजमपुर निवासी सचिन चौहान के रूप में हुई। पांच सितंबर को आई पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सचिन की मौत सड़क हादसे से नहीं, बल्कि सिर में छर्रे लगने से हुई है। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की तफ्तीश तेज की और एसएसपी के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया। एसएसपी उधमसिंह नगर मणिकांत मिश्रा के अनुसार जांच में सामने आया कि सचिन की हत्या जीजा और साले ने मिलकर पूरी साजिश रचकर की थी। आरोपियों से घटना में इस्तेमाल बाइक और तमंचा बरामद किया गया है। खास बात यह है कि हत्या में शामिल जीजा पहले से ही अपराधों का पुख्ता इतिहास रखता है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी और दहेज उत्पीड़न जैसे आठ गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड, दोनों राज्यों में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रह चुका है।

