The Asian School: संस्कार और विदाई के भावों से सजा समारोह
Dehradun, 07 February: The Asian School में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आशीर्वचन एवं दीपोत्सव 2026 का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रातःकाल कक्षा 10वीं के उन विद्यार्थियों के लिए आशीर्वचन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जो शीघ्र ही बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने जा रहे हैं, जबकि संध्या समय कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए पारंपरिक दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
समारोह का शुभारंभ प्रधानाचार्या रूचि प्रधान दत्ता एवं सम्मानित अतिथिगण द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन, पूजन एवं वंदना के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मंगल गीतों ने वातावरण को भावनाओं और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
कक्षा 12 के छात्रों के प्रति कनिष्ठ विद्यार्थियों की शुभकामनाओं ने वरिष्ठ छात्रों को भाव-विभोर कर दिया। उनके चेहरे पर साहस, आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति आशा की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
प्रधानाचार्या रूचि प्रधान दत्ता ने अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बनाए रखने, निरंतर परिश्रम करने तथा अपने अभिभावकों और शिक्षकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संदेश दिया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगन व एकाग्रता से जुटने, जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने तथा परिवार, समाज और विद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दीं।
कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं ने अपने वक्तव्यों में शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया और अपने विद्यालयी अनुभव साझा किए। उन्होंने शिक्षकों से प्राप्त शिक्षा और संस्कारों को समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रज्ज्वलित दीप सौंपकर अपने दायित्वों का हस्तांतरण किया। झिलमिलाते दीप विद्यार्थियों के मन में बसे सुख-दुख, उत्साह और विदाई की भावनाओं का प्रतीक बने। शिक्षकों द्वारा टीका, कलावा एवं स्मृति-चिह्न स्वरूप समूह छायाचित्रयुक्त फ्रेम भेंट किए गए।
प्रज्ज्वलित दीपों ने जहाँ अंधकार के विनाश का संदेश दिया, वहीं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को आलोकित करने का प्रतीकात्मक संकल्प भी प्रस्तुत किया। एक ओर नए पथ पर अग्रसर होने का उत्साह था, तो दूसरी ओर विद्यालय से विदाई का भावुक क्षण—इन्हीं भावनाओं के साथ दीपोत्सव का पारंपरिक आयोजन संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम में डायरेक्टर माननीय गगनजोत जुनेजा, प्रधानाचार्या रूचि प्रधान दत्ता, बर्सर संदेश शर्मा, हेड सीनियर स्कूल मुकेश नांगिया, हेड मिडिल स्कूल सचिन अग्रवाल, हेड मिस्ट्रेस अनु महरोत्रा, डेप्युटी हेड जूनियर स्कूल सुरभि नरूला, स्पोर्ट्स एचओडी संजय राणा, डीन ऑफ एक्टिविटी श्वेता माटा सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

