50+ खेलो मास्टर्स वर्ल्ड फुटबॉल 2026: टीम कप्तान डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में भारत की 50+ टीम ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाया दम
Dehradun, 16 February: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच का केंद्र बनी, जहाँ 6 से 15 फरवरी तक आयोजित 50+ खेलो मास्टर्स वर्ल्ड फुटबॉल 2026 में उत्तराखंड के चार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इंटरनेशनल मास्टर्स ओपन फुटबॉल चैंपियनशिप में भारत के 62 सदस्यीय दल ने भाग लिया, जिसका नेतृत्व खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शैलेन्द्र सिंह ने किया। अनुभवी खिलाड़ियों की इस भारतीय टीम ने वैश्विक मंच पर दमदार उपस्थिति दर्ज कराई और देश का मान बढ़ाया।

भारत बनाम वियतनाम: कप्तान डॉ. रावत का गोल
7 फरवरी को खेले गए पहले लीग मैच में भारत की 50+ टीम का सामना वियतनाम से हुआ। मुकाबले में वियतनाम ने 3-1 से जीत दर्ज की। भारत की ओर से एकमात्र गोल टीम कप्तान डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने 65वें मिनट में किया।

यूएई के खिलाफ रोमांचक ड्रॉ
8 फरवरी को खेले गए दूसरे लीग मैच में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। कप्तान डॉ. रावत के सटीक पास पर दिल्ली के खिलाड़ी आशिफ अली ने 89वें मिनट में गोल कर टीम को बराबरी दिलाई।
इराक के खिलाफ दमदार शुरुआत
10 फरवरी को भारत ने इराक के खिलाफ मुकाबला खेला। मैच के तीसरे मिनट में ही डॉ. रावत ने गोपाल रावत के पास पर शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए भारतीय टीम को सम्मानित भी किया गया।
100 देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी
इस अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में विभिन्न खेलों के लगभग 100 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। डॉ. रावत ने बताया कि 50+ आयु वर्ग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलना एक नया और प्रेरणादायक अनुभव रहा। विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलकर भारतीय दल ने अनुभव साझा किया और प्रतियोगिता का भरपूर आनंद लिया।

उत्तराखंड के चार खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान
उत्तराखंड से जिन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व किया, वे हैं:
- डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत (50+ टीम कप्तान)
- आशिफ अली
- गोपाल रावत
- विमल सिंह रावत
यह पहली बार है जब इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलकर राज्य का नाम रोशन किया।
खेलो मास्टर्स गेम्स नेशनल 2026 चंडीगढ़ में
डॉ. रावत ने जानकारी दी कि 20 से 22 मार्च 2026 तक खेलो मास्टर्स गेम्स नेशनल 2026 का आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर 42 नेशनल स्टेडियम में होगा। 20 फरवरी से विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण शिविर शुरू होंगे। इच्छुक खिलाड़ी कैंप में भाग लेकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

