राज्यपाल ने NCC कैडेट्स के अनुशासन, नेतृत्व और तकनीकी दक्षता की सराहना की
Dehradun, 03 February: जब उत्तराखंड के युवा कर्तव्य पथ पर कदमताल करते हैं, तो यह सिर्फ़ एक परेड नहीं बल्कि पूरे राज्य का गर्व बन जाता है। गणतंत्र दिवस परेड में देश के सामने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले एनसीसी कैडेट्स (NCC Cadets) को इसी उपलब्धि के लिए लोक भवन में राज्यपाल ने सम्मानित किया।
परेड में उत्तराखंड की कैडेट मानसी विश्वकर्मा ने गर्ल कंटिन्जेंट की परेड कमांडर के रूप में नेतृत्व किया। इसके अलावा 28 जनवरी 2026 को दिल्ली कैंट स्थित करिअप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री रैली में उत्तराखंड एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर कैडेट उत्कर्ष शर्मा ने परेड कमांडर की भूमिका निभाई।

अनुशासन और परिश्रम का परिणाम: राज्यपाल
कैडेट्स को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने कहा कि राष्ट्रीय शिविर और गणतंत्र दिवस परेड में चयन अनुशासन, कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। ऐसे प्रतिष्ठित आयोजनों का अनुभव जीवन भर प्रेरणा देता है और आत्मविश्वास के साथ देश व समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के एनसीसी कैडेट्स अपने उत्कृष्ट प्रशिक्षण और अनुशासन के कारण अलग पहचान रखते हैं। एनसीसी में सिखाए जाने वाले एकता और अनुशासन के मूल मंत्र को जीवनभर अपनाने की आवश्यकता है, क्योंकि यह चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाता है।
नारी नेतृत्व और तकनीकी उपलब्धियों की सराहना
राज्यपाल ने गर्ल कंटिन्जेंट की परेड कमांडर मानसी विश्वकर्मा की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कर्तव्य पथ पर नेतृत्व कर यह सिद्ध किया है कि आज की भारतीय नारी नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ रही है।
ड्रोन प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रक्षा मंत्री पदक से सम्मानित कैडेट प्रिंस सिंह राणा की उपलब्धि की सराहना करते हुए राज्यपाल ने इसे भविष्य की युद्ध तकनीक, नवाचार और 21वीं सदी की सुरक्षा चुनौतियों के लिए युवाओं की तैयारी का उदाहरण बताया।
तकनीक के युग में सक्षम युवा
राज्यपाल ने कहा कि आज का युग ड्रोन, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रिसिजन वॉरफेयर का है। उत्तराखंड के NCC कैडेट्स ने यह सिद्ध किया है कि वे पारंपरिक सैन्य अनुशासन के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों के लिए भी पूरी तरह सक्षम हैं।

कार्यक्रम के दौरान NCC निदेशालय के अधिकारियों ने चयन प्रक्रिया से लेकर गणतंत्र दिवस कार्यक्रम तक की गतिविधियों की जानकारी दी। कैडेट्स ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। राज्यपाल ने सभी कैडेट्स को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने एनसीसी कैडेट्स को उनकी विभिन्न उपलब्धियों हेतु बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, एडीजी एनसीसी निदेशालय, उत्तराखंड मेजर जनरल समीर भल्ला, ग्रुप कमांडर एनसीसी मुख्यालय ब्रिगेडियर विकास ढींगरा, नेवल विंग ग्रुप कमांडर नैनीताल कमोडोर बीआर सिंह, कंटिन्जेंट कमांडर उत्तराखंड एनसीसी मुख्यालय लेफ्टिनेंट भास्कर विजय टी, कमांडिंग ऑफिसर 1 उत्तराखंड एनसीसी एयर विंग ग्रुप कैप्टन विवेक रावत, कमांडिंग ऑफिसर 1 उत्तराखंड एनसीसी बीएन गोपेश्वर कर्नल राजेश रावत, डिप्टी ग्रुप कमांडर एनसीसी जीपी मुख्यालय देहरादून कर्नल जीसी लोहानी, कर्नल मनोज सोंझ, कर्नल दीपेंद्र, कर्नल आदित्य पॉल, कर्नल दीपक पांडेय, लेफ्टिनेंट कर्नल रश्मी गौतम सहित एनसीसी के अधिकारी-कर्मचारी एवं कैडेट्स मौजूद रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

