राज्यपाल से कुलपति की भेंट, अन्तर-विश्वविद्यालयी खेल प्रतियोगिता 23 फरवरी से
अन्तर-विश्वविद्यालयी प्रतियोगिता की तैयारियां तेज, दीक्षांत समारोह में पीएम के संभावित आगमन की चर्चा
Dehradun, 18 February: राज्य के विश्वविद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में कदम तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को लोक भवन में गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनमोहन सिंह चौहान ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से शिष्टाचार भेंट कर आगामी अन्तर-विश्वविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी दी।
कुलपति ने बताया कि 23 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड राज्य अन्तर-विश्वविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 राजकीय विश्वविद्यालयों के लगभग 1700 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के साथ-साथ वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेल आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्यपाल द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में कराया जा रहा है, ताकि विश्वविद्यालयों में खेल गतिविधियों को नियमित रूप से बढ़ावा मिल सके।
भेंट के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय में मार्च माह में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संभावित आगमन की जानकारी भी दी और बताया कि कार्यक्रम को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
राज्यपाल ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन और आत्मविश्वास प्रदान करते हैं तथा वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों को बेहतर खेल अवसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही उम्मीद जताई कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देंगी।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

