सेलाकुई में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो लग्जरी कारों से नकली पनीर-दही बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
Dehradun, 03 February: देहरादून में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली पनीर और दही की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली डेयरी उत्पाद बरामद किए हैं।
दून पुलिस के अनुसार, सेलाकुई क्षेत्र में चेकिंग के दौरान माया देवी यूनिवर्सिटी के पास से ब्रेजा और बलेनो कार को रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों लग्जरी कारों से करीब 250 किलो नकली पनीर और 50 किलो नकली दही बरामद हुआ।
मौके पर बुलाए गए खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने जब सामग्री की सैंपलिंग की, तो जांच में पनीर और दही मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त और नकली पाए गए। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को सीज कर दिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह नकली पनीर और दही लक्सर और नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से खरीदकर शादी समारोहों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी इस गिरोह के खिलाफ नकली पनीर और दही की सप्लाई को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर निगरानी की जा रही थी।
इस मामले में वसीम और प्रदीप नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नकली खाद्य सामग्री की सप्लाई किन-किन जगहों पर की गई।
पुलिस ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम लोगों से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत पुलिस या खाद्य विभाग को दें।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

