लोक भवन में होली मिलन एवं उत्कृष्ट सम्मान समारोह आयोजित
Dehradun, 26 February: लोक भवन में होली मिलन एवं उत्कृष्ट सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रतिभाग करते हुए लोक भवन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को मिलने वाला सम्मान उसके परिश्रम, निष्ठा और समर्पण का परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि सम्मान के साथ जिम्मेदारियाँ भी बढ़ जाती हैं, क्योंकि सम्मानित व्यक्ति से परिवार, समाज और कार्यस्थल की अपेक्षाएँ और अधिक हो जाती हैं।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में अनुशासन और मर्यादा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए इन मूल्यों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उत्कृष्टता की कोई सीमा नहीं होती, इसलिए सभी को अपने कार्य में निरंतर सुधार और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
उन्होंने कार्मिकों से सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में नैतिक सीमाएँ निर्धारित करना आवश्यक है। लालच और भ्रष्ट आचरण से दूर रहकर ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना ही एक अच्छे कर्मचारी और जिम्मेदार नागरिक की पहचान है।
आगामी होली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए राज्यपाल ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व समाज में मनमुटाव और भेदभाव को भुलाकर एकजुटता और सकारात्मकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि होली मिलन का उद्देश्य आपसी संबंधों को सुदृढ़ करना और नई सकारात्मक शुरुआत करना है।
इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी सहित लोक भवन के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

