पीएम मोदी बोले — “इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा”
Dehradun, 10 November: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर एफआरआई मैदान देशभक्ति और विकास के जज़्बे से गूंज उठा। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को ₹8,000 करोड़ की योजनाओं का तोहफा देते हुए कहा कि “केंद्र सरकार हर कदम पर उत्तराखंड के साथ खड़ी है।” उन्होंने देवभूमि से अपने आध्यात्मिक जुड़ाव का ज़िक्र करते हुए कहा कि “मेरे और पहाड़ का रिश्ता आत्मा का है।” मोदी ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि आने वाले 25 वर्ष “उत्तराखंड के स्वर्णिम भविष्य के निर्णायक साल होंगे।”
‘धामी सरकार ने दिखाया साहस’
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य ने जड़ी-बूटी, पारंपरिक उत्पादों और रोमांचक पर्यटन में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन को “नए युग के पहाड़ी रोमांच की पहचान” बताया। यूसीसी (Uniform Civil Code) लागू करने के फैसले पर मोदी ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि “सामाजिक साहस का प्रतीक” है। उन्होंने धर्मांतरण व दंगा निरोधी कानूनों को भी “उत्तराखंड के सामाजिक ताने-बाने की सुरक्षा का कदम” बताया।
“धामी सरकार ने संवेदनशीलता और दृढ़ता का संतुलन दिखाया है। भूमि कब्जे और जनसांख्यिकीय बदलाव जैसे मुद्दों पर ठोस कार्रवाई ने राज्य को नया आत्मविश्वास दिया है,” प्रधानमंत्री ने कहा।
आपदा प्रबंधन में तत्परता की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपदाओं के समय धामी सरकार की त्वरित प्रतिक्रिया ने प्रशासन को नया भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड ने हर विपत्ति से सीख ली है और अब विकास की हर दिशा में आगे बढ़ रहा है।”
‘हर अंदाज पहाड़ी’ — भाषण में गूंजी गढ़वाली-कुमाऊनी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री का अंदाज पूरी तरह “पहाड़ी” रंग में रंगा दिखाई दिया। सिर पर पारंपरिक टोपी और भाषण में गढ़वाली-कुमाऊनी की झलक ने सभा में उत्साह भर दिया।
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि—
“देवभूमि उत्तराखंड का मेरा भै बंधु, दीदी, भुलियों, दाना सयानो, आप सबू तई म्यारू नमस्कार…”
सभा में गूंज उठी तालियाँ।
इसके बाद उन्होंने स्थानीय बोली में आगे कहा,
“पैली पहाड़ू कू चढ़ाई विकास की बाट कैल रोक दी छै… अब वखि बटि नई बाट खुलण लग ली।”
प्रधानमंत्री ने हरेला, फूलदेई, भिटोली, नंदा देवी, जौलजीबी, देवीधुरा जैसे पर्वों और दयारा बुग्याल के बटर फेस्टिवल का ज़िक्र कर उत्तराखंड की लोक संस्कृति को सम्मान दिया।
‘तीसरा दशक उत्तराखंड का’ — प्रधानमंत्री का विश्वास
समारोह के समापन पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने अपने युवाओं, प्रकृति और संस्कृति तीनों को साथ लेकर विकास की नई राह चुनी है। “मुझे पूरा विश्वास है — इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। यह दशक आत्मनिर्भर, साहसी और आध्यात्मिक उत्तराखंड का होगा।”
₹8,000 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने 19 नई परियोजनाओं का शिलान्यास और 12 योजनाओं का लोकार्पण किया।
शिलान्यास योजनाएं (कुल लागत ₹7,329 करोड़)
- सौंग बांध पेयजल परियोजना (देहरादून–टिहरी) – ₹2,491.96 करोड़
- जमरानी बांध परियोजना (नैनीताल) – ₹2,584.10 करोड़
- अलकनंदा नदी तट संरक्षण कार्य (जोशीमठ) – ₹100.53 करोड़
- कालीनदी तट बाढ़ सुरक्षा योजना (पिथौरागढ़) – ₹140.22 करोड़
- महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट – ₹256.96 करोड़
- राजाजी टाइगर रिज़र्व में चौरासी कुटिया पुनरोद्धार – ₹100.89 करोड़
- दूध प्रसंस्करण प्लांट, लालकुआं – ₹80.77 करोड़
- अन्य विभागीय कार्य – ₹1,233.34 करोड़
लोकार्पण योजनाएं (कुल लागत ₹931.65 करोड़)
- धारचूला उपसंस्थान (220/33 केवी) – ₹161.98 करोड़
- देहरादून जलापूर्ति योजना (AMRUT 1.0) – ₹128.56 करोड़
- राजकीय पॉलिटेक्निक भवन (6 स्थान) – ₹126.27 करोड़
- सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण कार्य (पिथौरागढ़–देहरादून) – ₹150.66 करोड़
- हल्द्वानी स्टेडियम हॉकी ग्राउंड (एस्ट्रोटर्फ) – ₹18.61 करोड़
- सौर ऊर्जा संयंत्र और पेयजल योजनाएं (राज्यभर) – ₹80.81 करोड़
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

