देहरादून पुलिस मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, फायरिंग के दौरान एक आरोपी घायल
Dehradun, 04 June 2026: दून पुलिस को गुरुवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी। नयागांव क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके चार अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।

पुलिस के अनुसार, नयागांव चौकी बैरियर पर नियमित चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मार दी और तेज रफ्तार में सेलाकुई की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
भागते हुए बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर पहुंचे और रामगढ़ स्थित रपटे के पास अपनी कार छोड़कर नदी की दिशा में भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। वहीं दूसरे आरोपी को पीछा कर मौके से दबोच लिया गया।
घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
रिंकू मीणा (30 वर्ष) पुत्र सियाराम, निवासी ग्राम अखरोट, तहसील मण्डावर, जिला दौसा (राजस्थान)। मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी।
विनोद कुमार मीणा (32 वर्ष) पुत्र रामलाल मीणा, निवासी ग्राम एवं पोस्ट झारेड़ा, तहसील हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान)।
पुलिस के मुताबिक, रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या सहित कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं विनोद मीणा का भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

