“बैठक” में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से बटोरी वाहवाही
Dehradun, 26 October: अनंत गोपाल संगीत मंच समिति एवं गुरुकुल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डी.बी.एस. कॉलेज, करनपुर में “बैठक” शीर्षक से एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान के विद्यार्थियों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की परंपरा को आगे बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं श्रीमती मधु भट्ट, राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद, उत्तराखंड सरकार। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजत शक्ति, स्टेट हेड, रेड एफएम देहरादून, तथा प्रिया गुलाटी, डायरेक्टर, बैगिट कंसल्टिंग ग्रुप एवं संस्थापक तेजस्विनी चैरिटेबल ट्रस्ट, उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिभा श्रीवास्तव, अध्यक्ष अनंत गोपाल संगीत मंच समिति एवं निदेशक गुरुकुल, द्वारा की गई। संचालन गुरुकुल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गणेश स्तुति, कृष्ण कथा, राग आधारित नृत्य प्रस्तुतियाँ, राम स्तुति और दुर्गा स्तुति जैसी विविध प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। मंच पर भाव, लय और ताल का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला जिसने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल कला को जीवंत रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय परंपरा के प्रति गहरा अनुराग भी जगाते हैं। इस अवसर पर समिति के प्रबंधक नरेश भटनागर, प्रचार मंत्री अरुण शर्मा, हितेश चौधरी, कल्पना सैनी, यामा शर्मा, सोनल वर्मा, उपमा शुक्ला, डॉ. विजय गोडबोले, शुभाषणी जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

