Chamoli, 25 july 2026| चमोली जिले के ज्योतिर्मठ विकासखंड के किमाणा गांव में लगातार हो रही वर्षा ने भूस्खलन का खतरा उत्पन्न कर दिया है। इस भूस्खलन के कारण लगभग 20 परिवार संकट में हैं।
गांव के ऊपर से शुरू हुआ भूस्खलन अब विकराल रूप ले चुका है, जिससे खेत-खलिहानों और नगदी फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान शशि देवी ने उप जिलाधिकारी ज्योतिर्मठ को पत्र भेजकर गांव में हुए नुकसान की जानकारी दी है। उन्होंने तत्काल स्थलीय निरीक्षण और आवश्यक सुरक्षा उपायों की मांग की है। शशि देवी ने बताया कि बीती रात हुई भारी वर्षा के बाद पहाड़ी से मलबा गांव की ओर आ गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अब ग्रामीण हल्की वर्षा में भी सुरक्षित जगहों पर शरण लेने को मजबूर हैं।
ग्राम प्रधान ने कहा कि बीती रात अचानक भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गांव के बीचों-बीच आ गए, जिससे आवासीय भवनों और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। यदि समय पर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो गांव पर बड़ा खतरा मंडरा सकता है। सूचना के बाद एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन करने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

