डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण, संवेदनशील बूथों की मैपिंग और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के दिए निर्देश
देहरादून, 27 नवंबर 2026। उत्तराखंड में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। देहरादून जिला प्रशासन ने चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को परेड ग्राउंड परिसर स्थित बॉक्सिंग हॉल में जनपद के जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों और कार्मिकों के बीच पहुंचकर निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली और विभिन्न प्रक्रियाओं को लेकर उनकी शंकाएं सुनीं और उनका समाधान किया।
निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: डीएम
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, निर्विघ्न और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी दायित्वों और प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझें तथा भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी विषय पर संशय होने पर संबंधित अधिकारी अपने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर समय रहते समाधान प्राप्त करें।
मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर तैयार होगा डेटाबेस
जिलाधिकारी ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्ग, सड़क से मतदान केंद्र की दूरी, भवन की स्थिति, आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (AMF), नेटवर्क एवं कनेक्टिविटी की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही वर्नेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग कर आवश्यक जानकारियों का डेटाबेस तैयार करने को कहा गया है।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान जुटाई गई सूचनाओं का सटीक संकलन और समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें।
264 अधिकारी प्रशिक्षण में रहे उपस्थित
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नियुक्त 50 जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार तथा मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]








