विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में तेजी, 7 दिसंबर तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

Uttarakhand Election 2027 की तैयारियों को लेकर देहरादून में जिलाधिकारी और एसएसपी की समीक्षा बैठक

देहरादून में करीब 22 हजार कार्मिकों की होगी तैनाती, 2,045 पोलिंग बूथों पर मूलभूत सुविधाओं का होगा सत्यापन; सीमाओं पर चेकपोस्ट बनाकर तस्करी पर रखी जाएगी नजर

देहरादून, 27 नवंबर 2026। उत्तराखंड में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को आगामी 7 दिसंबर तक निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वीडियो देखें और यहां क्लिक करें न्यूज़ पोर्टल वीडियो CTA स्टिकर

गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनाव के दौरान आवश्यक संसाधनों, कार्मिकों की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान केंद्रों पर सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

22 हजार कार्मिकों की होगी तैनाती

जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए जनपद में करीब 22 हजार कार्मिकों की आवश्यकता होगी। अब तक 14,800 कार्मिकों का डेटा संकलित किया जा चुका है। जिन विभागों ने अभी तक अपने कर्मचारियों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

चुनाव ड्यूटी से छूट चाहने वाले कार्मिकों की मेडिकल जांच के लिए समिति गठित करने और स्वास्थ्य टीम तैयार रखने को भी कहा गया है।

2,045 पोलिंग बूथों पर सुविधाओं का होगा सत्यापन

जनपद की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,045 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। प्रशासन ने सभी मतदेय स्थलों पर बिजली, पेयजल, फर्नीचर, रैंप, शेड और नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके लिए 50 जोनल और 230 सेक्टर अधिकारियों के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का सत्यापन कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

सीमाओं पर बनेंगी चेकपोस्ट, तस्करी पर रहेगी नजर

निर्वाचन के दौरान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जनपद की अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। देहरादून की सीमाएं हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और शिमला, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर तथा उत्तराखंड के चार अन्य जनपदों से जुड़ती हैं।

जिलाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित करने के साथ फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), वीडियो सर्विलांस टीम (VST), वीडियो व्यूइंग टीम (VVT), एमसीएमसी और निर्वाचन व्यय लेखा टीमों के गठन एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। नकदी, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सघन निगरानी और जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।

कम मतदान वाले बूथों पर चलेगा जागरूकता अभियान

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों को प्राथमिकता दी जाएगी।

ऐसे मतदान केंद्रों को भी चिह्नित किया जाएगा, जहां पुरुषों या महिलाओं का मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा है। इसके आधार पर क्षेत्रवार रणनीति तैयार कर मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

पोलिंग पार्टियों से लेकर मतगणना तक बनेगी माइक्रो प्लानिंग

जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टियों के मूवमेंट स्थल, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार कर सात दिन के भीतर मैप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चुनाव कार्मिकों के तीन चरणों में प्रशिक्षण के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बैठक में टेंट एवं बैरिकेडिंग व्यवस्था के नोडल अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर निर्वाचन तैयारियों की दोबारा समीक्षा की जाएगी और सभी नोडल अधिकारियों को अगली बैठक में पूरी तैयारी के साथ स्वयं उपस्थित होना होगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जीतेन्द्र कुमार सहित निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

आचार संहिता से पहले ग्रामीण योजनाओं का लाभ पहुंचाने की तैयारी तेज, CDO ने दिए धनराशि हस्तांतरण के निर्देश

शुक्र नवम्बर 27 , 2026
लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार कार्यक्रमों की समीक्षा; 10 दिसंबर तक वित्तीय साक्षरता का 50 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने को कहा देहरादून, 27 नवंबर 2026। आगामी निर्वाचन की आचार संहिता लागू होने से पहले ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं को गति देने की तैयारी तेज हो गई […]
आचार संहिता से पहले ग्रामीण योजनाओं में तेजी, CDO के निर्देश

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share