लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार कार्यक्रमों की समीक्षा; 10 दिसंबर तक वित्तीय साक्षरता का 50 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने को कहा
देहरादून, 27 नवंबर 2026। आगामी निर्वाचन की आचार संहिता लागू होने से पहले ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं को गति देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. दीपक सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वयं सहायता समूहों के लाभार्थियों के खातों में किए जाने वाले आवश्यक धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया आचार संहिता लागू होने से पहले प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।
बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीडीओ ने ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों पर विशेष फोकस
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत संचालित लखपति दीदी योजना, क्लस्टर लेवल फेडरेशन और मॉडल क्लस्टर लेवल फेडरेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आगामी 10 दिसंबर तक 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
कालसी विकासखंड में मॉडल क्लस्टर लेवल फेडरेशन के तहत मानव संसाधन की कमी को देखते हुए एचआर और अकाउंटेंट के रिक्त पदों पर आचार संहिता लागू होने से पहले नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़े कार्यों और कॉन्ट्रैक्ट भुगतान में निर्धारित मानकों का पालन करते हुए समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
रीप ग्रामोत्थान परियोजना की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने विभिन्न विकासखंडों में निर्माणाधीन कलेक्शन सेंटरों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार रखने और परियोजना की गतिविधियों को प्रस्तुतियों में शामिल करने के निर्देश भी दिए।
आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों का भी लिया जायजा
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान सीडीओ ने सड़कों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को हस्तांतरित करने में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), ईटीसी शंकरपुर और अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण गतिविधियों में नवाचार लाने तथा उन्हें अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
स्वरोजगार और कौशल विकास योजनाओं की भी समीक्षा
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का विवरण और बूथ स्तर पर आयोजित शिविरों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं के साथ-साथ रोजगार हासिल कर चुके अभ्यर्थियों की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना की प्रगति भी परखी गई।
सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने सभी अधिकारियों को योजनाओं का नियमित अनुश्रवण करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, सहायक परियोजना निदेशक अनीता पंवार, जिला मिशन प्रबंधक अशोक कुमार चतुर्वेदी सहित ग्राम्य विकास विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]







