प्रोजेक्ट मुस्कान से 450 जरूरतमंद परिवारों की दिवाली हुई रोशन, NAPSR ने बांटी खुशियों की पोटली

नौ वर्षों से जारी है मुहिम, दसवें आयोजन के तहत देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को बांटी दिवाली की सामग्री

देहरादून, 10 नवंबर, 2026। दिवाली की खुशियां हर घर तक पहुंचें और आर्थिक तंगी के कारण कोई परिवार त्योहार की रौनक से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य के साथ नेशनल एसोसिएशन फॉर पैरेंट्स एंड स्टूडेंट्स राइट्स (NAPSR) ने अपने अभियान ‘प्रोजेक्ट मुस्कान’ के तहत इस वर्ष भी जरूरतमंद परिवारों के बीच खुशियां बांटीं। संगठन की ओर से आयोजित इस अभियान के माध्यम से देहरादून में करीब 450 से अधिक जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिवाली की सामग्री वितरित की गई।

NAPSR के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरिफ खान के अनुसार, संगठन पिछले नौ वर्षों से इस मुहिम को लगातार चला रहा है। इसका उद्देश्य उन परिवारों तक दिवाली की खुशियां पहुंचाना है, जिनके लिए आर्थिक अभाव के चलते त्योहार मनाना भी मुश्किल हो जाता है। अभियान के तहत जरूरतमंद परिवारों को फल, मिठाई, दीये, तेल, कपड़े, खाद्य सामग्री और दिवाली का शगुन दिया जाता है।

इस वर्ष प्रोजेक्ट मुस्कान का दसवां आयोजन किया गया। अभियान की शुरुआत सुबह 11 बजे BOOK BANK से हुई। इसके बाद टीम चूना भट्टा, कुष्ठ रोगी आश्रम, रफैल होम, हर्रावाला, राजपुर, बांदल घाटी, मालदेवता और सहस्रधारा होते हुए रायपुर पहुंची। इन क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों तक दिवाली की खुशियों की पोटली पहुंचाई गई।

आरिफ खान ने बताया कि प्रोजेक्ट मुस्कान केवल सामग्री वितरण का अभियान नहीं, बल्कि समाज में आपसी सहयोग, संवेदनशीलता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की एक पहल है। संगठन का प्रयास है कि त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और कोई भी परिवार खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे।

इस अभियान को सफल बनाने में शांति प्रसाद जखमोला, गोपाली भोशाल, रेनुका रावत, हेमा कोरंगा, पूजा शर्मा, अफसाना सुल्तान, मनीषा जोशी, कविता खान, राहुल पंडित, इशिता राणा, साक्षी चौहान, अनुष्का आर्य, महेंद्र सिंह, मयंक, मेहवीस, वंदना जोशी, शिवानी जोशी, ईशान खान, कमर सिंह, गायत्री सकलानी, आलियाह खान, रोशनी पंडित, शिवाय सरकार, शिव सकलानी, अक्षत नेगी और प्रत्यक्ष सिंह सहित कई लोगों ने सहयोग दिया।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share