सुबह 5 बजे प्रेमनगर से शुरू हुई ‘दीपावली राइड अगेंस्ट एयर पॉल्यूशन’, युवाओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ड्वारा की पहाड़ियों तक तय किया सफर
देहरादून, 09 नवंबर, 2026। दीपावली पर वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से देहरादून साइक्लिंग क्लब ने ‘दीपावली राइड अगेंस्ट एयर पॉल्यूशन’ का आयोजन किया। सुबह 5 बजे प्रेमनगर चौक से शुरू हुई 55 किलोमीटर लंबी इस साइकिल राइड में क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। राइड पंडितवाड़ी, बल्लूपुर, घंटाघर, सर्वे चौक, रायपुर और मालदेवता पुल होते हुए ड्वारा की पहाड़ियों तक पहुंची।
राइड का नेतृत्व पर्यावरण प्रमुख प्रणय पंत, क्लाइमेट चेंज प्रमुख आर्यन चौहान और ग्रीन देहरादून प्रमुख आदर्श रावत ने किया। प्रणय पंत ने कहा कि पटाखों से वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए लोगों को पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने के लिए आगे आना चाहिए। आर्यन चौहान ने दीये और मोमबत्तियों के साथ त्योहार मनाने तथा युवाओं से जलवायु संरक्षण में भागीदारी की अपील की।
आदर्श रावत ने कहा कि देहरादून में बढ़ती आबादी और पर्यटकों के दबाव से पर्यावरण एवं कचरा प्रबंधन की चुनौतियां बढ़ रही हैं। वहीं क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि वायु प्रदूषण अस्थमा और फेफड़ों की बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने साइकिलिंग के माध्यम से जागरूकता फैलाने की इस पहल को सराहनीय बताया। राइड में अजय अग्रवाल, मनोज बिष्ट, चित्रांग, सुरिंदर कुमार, जयंती प्रसाद गौड़, तेजिंदर पाल सिंह, रिक्की गोस्वामी, आरती, अमन, मोहम्मद हैरिस और मनिंदर सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।







