गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड का शटर तोड़कर लाखों का सामान ले गए थे आरोपी, 40 CCTV कैमरों की फुटेज से पुलिस को मिला सुराग; एक अन्य आरोपी संदीप की तलाश जारी।
ऋषिकेश, 10 नवंबर 2026। ऋषिकेश में मोबाइल शोरूम का शटर तोड़कर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप और एक एप्पल आईपैड बरामद किया गया है। चोरी में इस्तेमाल की गई दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
पुलिस के मुताबिक, शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता ने 6 नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर उनकी दुकान ‘गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड’ का शटर तोड़ दिया। इसके बाद दुकान से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एचपी लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए गए थे।
40 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने दुकान और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालते हुए फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों का मिलान पूर्व में जेल जा चुके आरोपियों से कराया गया।
9 नवंबर को पुलिस आईडीपीएल गोल चक्कर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और चोरी के सामान की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल चार व्यक्ति दो काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों से नटराज चौक की ओर से बाईपास रोड होते हुए श्यामपुर की तरफ आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
जंगल में छिपाया था चोरी का सामान, बेचने जा रहे थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए अधिकांश सामान को जंगल में छिपा दिया गया था और वे उसे बेचने के लिए हरिद्वार की तरफ जा रहे थे। चोरी का सामान पांचों लोगों के बीच बांटा गया था। उनका एक साथी संदीप भी कुछ मोबाइल, आईपैड और लैपटॉप अपने पास रखे हुए था, जो गिरफ्तारी के दौरान उनके साथ नहीं था।
पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास मौजूद काले रंग के बैग से तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और 24 मोबाइल फोन बरामद किए। अन्य बरामदगी के साथ कुल 30 मोबाइल फोन पुलिस के कब्जे में आए।
दुकान मालिक की ओर से उपलब्ध कराए गए बिल और आईएमईआई नंबरों की सूची से मिलान करने पर 22 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और आईपैड चोरी के मामले से संबंधित पाए गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2)/3(5) भी बढ़ाई है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो के खिलाफ पहले से कई मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन दास (19), निवासी मुर्गी फार्म रायवाला, अभिषेक थापा (20), निवासी प्रतीत नगर रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक (26), निवासी अहबाबनगर, कड़च्छ ज्वालापुर हरिद्वार और रोहन (20), निवासी लालतप्पड़, डोईवाला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक थापा के खिलाफ रायवाला थाने में चोरी और अन्य धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रोहन के खिलाफ रायवाला और ऋषिकेश थानों में चोरी से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य राज्यों में आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल मामले में प्रकाश में आए पांचवें आरोपी संदीप की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।







