चौथे सप्ताह में पहुंची ‘Krishnavataram Part 1 – The Heart’, हरिद्वार-ऋषिकेश में कलाकारों ने लिया संतों का आशीर्वाद
Dehradun, 03 June 2026: देशभर के सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक प्रदर्शन कर रही फिल्म ‘Krishnavataram Part 1 – The Heart’ ने चौथे सप्ताह में प्रवेश कर लिया है। फिल्म की इस सफलता के बीच इसकी टीम ने हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचकर देश के प्रमुख संतों एवं आध्यात्मिक गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
फिल्म के मुख्य अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता, अभिनेत्री संस्कृति जयाना और निर्माता साजन राज कुरुप इस विशेष आध्यात्मिक यात्रा पर उत्तराखंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी तथा परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।

संतों ने फिल्म की सफलता की कामना करते हुए भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सनातन मूल्यों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की। फिल्म टीम ने हरिद्वार में गंगा स्नान किया और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी भाग लिया।
देहरादून में जन्मे अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता ने उत्तराखंड वापसी को भावनात्मक अनुभव बताते हुए कहा कि यह प्रदेश उनकी जन्मभूमि है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा हमेशा उन्हें आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश की यात्रा तथा पूज्य संतों का आशीर्वाद उनके लिए बेहद प्रेरणादायक और यादगार रहा।
फिल्म के निर्माता साजन राज कुरुप ने कहा कि ‘Krishnavataram Part 1 – The Heart’ जैसी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयवस्तु पर आधारित फिल्म के लिए संतों का आशीर्वाद बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दर्शकों द्वारा फिल्म को मिल रहे समर्थन और प्रेम के लिए आभार भी व्यक्त किया।
यात्रा के दौरान फिल्म टीम ने हरिद्वार और ऋषिकेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर फिल्म की निरंतर सफलता और दर्शकों के कल्याण की प्रार्थना की। फिल्म के चौथे सप्ताह में भी दर्शकों का उत्साह बरकरार है और टीम को उम्मीद है कि यह फिल्म आने वाले दिनों में भी दर्शकों के दिलों में अपनी विशेष जगह बनाए रखेगी।
भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और भावनात्मक कथा पर आधारित ‘Krishnavataram Part 1 – The Heart’ को देशभर के दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसके चलते फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी मजबूती से बनी हुई है।

