गोवा में आयोजित Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति, 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी और शूटिंग डेस्टिनेशन्स पर हुई चर्चा; स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं पर भी दिया जोर
देहरादून/गोवा, 22 नवंबर 2026। उत्तराखंड अब फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती, विविध शूटिंग लोकेशन्स और फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत तक पहुंचाने के लिए गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के Waves Film Bazaar में विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया।
‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उत्तराखंड की फिल्म नीति-2024, फिल्म निर्माताओं को मिलने वाली सुविधाओं, सब्सिडी और राज्य में शूटिंग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पैनल में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। सत्र का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।
3 करोड़ रुपये तक की फिल्म सब्सिडी का प्रावधान
पैनल चर्चा के दौरान संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 राज्य को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि नीति के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया के जरिए फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मसूरी से ऋषिकेश तक शूटिंग के लिए कई विकल्प
चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में हिमालयी प्राकृतिक दृश्य, नदियां, पहाड़, ऐतिहासिक इमारतें और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत फिल्मकारों को शूटिंग के लिए कई तरह के विकल्प उपलब्ध कराती हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने फिल्म नीति के तीन प्रमुख आधारों टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी (3T) का भी उल्लेख किया। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर देने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
आरुषि निशंक ने साझा किया ‘लाइफ हिल गई’ का अनुभव
अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण देते हुए बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था।
उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और यहां फिल्म निर्माण के अनुकूल माहौल की सराहना की। साथ ही कहा कि उत्तराखंड में ऐसा मजबूत फिल्म इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत है, जिससे देशभर के अधिक से अधिक निर्माता और निर्देशक यहां शूटिंग के लिए आकर्षित हों।
राम रेड्डी बोले- उत्तराखंड मेरे लिए दूसरे घर जैसा
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए उत्तराखंड को अपने लिए दूसरे घर जैसा बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के सिलसिले में वह 17 बार उत्तराखंड आए थे।
उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।
पर्यटन और रोजगार को भी मिल सकता है बढ़ावा
इस पैनल चर्चा के जरिए उत्तराखंड की फिल्म नीति, सब्सिडी और शूटिंग लोकेशन्स को फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया गया। फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
इसके अलावा होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी फिल्म शूटिंग गतिविधियों से लाभ मिल सकता है। ऐसे में उत्तराखंड के लिए फिल्म उद्योग केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को मजबूत करने का एक संभावित जरिया भी बन सकता है।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]







