वेदिनी बुग्याल से होमकुंड और रूपकुंड तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जुटी टीमें, कठिन रास्तों पर मदद के साथ प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध
चमोली | 22 सितंबर, 2026
नंदा देवी जात यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए SDRF उत्तराखंड की टीमें यात्रा मार्ग के दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार तैनात हैं। सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर जवान प्रमुख पड़ावों पर श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
SDRF की टीमें वेदिनी बुग्याल, पाताल नचनियां, रूपकुंड, होमकुंड, लाता खोपड़ी और तातड़ा-सुतोल सहित विभिन्न दुर्गम क्षेत्रों में तैनात हैं। ऊंचाई वाले इलाकों और चुनौतीपूर्ण पैदल मार्गों पर जवान श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराने के साथ जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध करा रहे हैं।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच SDRF जवान लगातार यात्रा मार्ग पर निगरानी बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तैयार हैं।
SDRF के जवानों का मुख्य फोकस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है। दुर्गम क्षेत्रों में किसी श्रद्धालु को परेशानी होने पर टीमों द्वारा तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.







