अक्षय पात्र फाउंडेशन ने आयोजित किया दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम, भोजन बनाने से लेकर परोसने तक की बताई गईं स्वच्छता संबंधी सावधानियां
देहरादून, 21 नवंबर 2026। स्कूली बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से देहरादून में भोजन माताओं के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भोजन माताओं को रसोई की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और भोजन तैयार करने से लेकर बच्चों को परोसने तक की जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान भोजन माताओं को बताया गया कि मध्याह्न भोजन तैयार करते समय स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है। रसोई में साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने, खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने और भोजन पकाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही बच्चों को स्वच्छ वातावरण में भोजन परोसने के तरीके भी समझाए गए।
कार्यक्रम में केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिए भी भोजन तैयार करने की सही प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। इसमें भोजन माताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विद्यालयों के स्टाफ ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहयोग किया।
अक्षय पात्र फाउंडेशन के क्लस्टर हेड वेनतया दास के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत डिस्ट्रीब्यूशन हेड किशन दुबे और प्रीति राणा ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर भोजन माताओं को प्रशिक्षण दिया।
फाउंडेशन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। इसके साथ ही विद्यालय स्तर पर खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना भी कार्यक्रम का हिस्सा है, ताकि स्कूली बच्चों को नियमित रूप से सुरक्षित और पौष्टिक भोजन मिल सके। विद्यालय स्टाफ और भोजन माताओं ने इस प्रशिक्षण को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में उपयोगी पहल बताया।






