देहरादून में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़! नामी स्कूलों की बसों में मिलीं गंभीर खामियां, 142 वाहनों के चालान

Dehradun School Bus Checking: 375 की जांच, 142 के चालान

डीएलएसए और परिवहन विभाग का सघन निरीक्षण अभियान जारी, कई बसों में इमरजेंसी गेट बंद तो कहीं एक्सपायरी दवाइयां मिलीं; 375 वाहनों की हो चुकी है जांच

देहरादून, 18 नवंबर 2026। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा को लेकर देहरादून में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) और परिवहन विभाग का विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इस अभियान में शहर के कई प्रतिष्ठित और नामी-गिरामी स्कूलों की बसों में भी सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। कहीं बसों में प्राथमिक उपचार बॉक्स में एक्सपायरी दवाइयां मिलीं तो कहीं सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद रिकॉर्डिंग के लिए डीवीआर तक उपलब्ध नहीं था। कई स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाते हुए भी पाया गया।

वीडियो देखें और यहां क्लिक करें न्यूज़ पोर्टल वीडियो CTA स्टिकर

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा जिला जज एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष हरीश कुमार गोयल के निर्देश पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डूंगराकोटी के नेतृत्व में 18 नवंबर को भी यह अभियान चलाया गया। ईसी रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में परिवहन विभाग की टीम के साथ स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

इमरजेंसी गेट के सामने मिलीं सीटें, चालक-अटेंडेंट को भी जानकारी नहीं

निरीक्षण के दौरान बसों में सबसे गंभीर लापरवाही आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी एग्जिट) को लेकर सामने आई। कई बसों के चालक और अटेंडेंट को यह तक जानकारी नहीं थी कि आपात स्थिति में इस गेट को कैसे खोला जाता है। कुछ बसों में इमरजेंसी एग्जिट के सामने ही सीटें लगा दी गई थीं, जिससे दुर्घटना या अन्य आपातकालीन स्थिति में बच्चों को बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है।

इसके अलावा कुछ वाहनों में विंडो ग्रिल नहीं लगी मिली। कई बसों में फर्स्ट एड बॉक्स की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी और कुछ में रखी दवाइयां एक्सपायरी थीं। सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद कुछ वाहनों में डीवीआर उपलब्ध नहीं मिला। वहीं, कुछ वाहन संचालक मौके पर जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। निरीक्षण के दौरान कुछ वाहनों को तेज गति से चलते हुए भी पाया गया।

स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चे, अभिभावक भी बरत रहे लापरवाही

जांच के दौरान कई स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने का मामला भी सामने आया। प्राधिकरण के अनुसार सुरक्षा मानकों की अनदेखी केवल छोटी वैन तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े और प्रतिष्ठित विद्यालयों की बसों में भी गंभीर कमियां पाई गई हैं।

अभियान के दौरान अभिभावकों की लापरवाही का मामला भी सामने आया। एक व्यक्ति अपने दो बच्चों को स्कूटर के आगे खड़ा करके, उनके स्कूल बैग हाथों में लेकर और खुद बिना हेलमेट पहने वाहन चलाता मिला। टीम ने उसे मौके पर रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और बच्चों की जान जोखिम में डालने के संभावित परिणामों के बारे में समझाया।

375 वाहनों की जांच, 142 के चालान

16 नवंबर से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत अब तक देहरादून में लगभग 375 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी है। इनमें अनियमितताएं पाए जाने पर लगभग 142 वाहनों के चालान किए गए हैं। अभियान में स्कूल बसों, वैन और बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले अन्य वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डूंगराकोटी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं है। इमरजेंसी गेट का अवरुद्ध होना, क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना और चालक-अटेंडेंट को आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी न होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों से सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

22 नवंबर तक जारी रहेगा अभियान

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि विशेष सघन निरीक्षण अभियान 22 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान संबंधित विभागों के समन्वय से स्कूली वाहनों की जांच की जाएगी और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

प्राधिकरण ने सभी स्कूल प्रबंधनों, वाहन संचालकों और अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और परिवहन एवं यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

देहरादून के आश्विक राठौड़ ने RIMC प्रवेश परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 1, 450 में से मिले 360 अंक

बुध नवम्बर 18 , 2026
ओलंपस हाई के कक्षा 8 के छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया उत्तराखंड का नाम, विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई देहरादून, 18 नवंबर 2026। देहरादून के छात्र आश्विक राठौड़ ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC) प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1 […]
देहरादून के आश्विक राठौड़ बने RIMC प्रवेश परीक्षा के टॉपर

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share