प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला के नेतृत्व में डीएम कार्यालय का घेराव, अमित शाह के इस्तीफे व प्रधानमंत्री से माफी की मांग

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में शनिवार को “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी कार्यालय का जोरदार घेराव एवं प्रदर्शन किया गया। जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, प्रदेश की लचर शिक्षा व्यवस्था, लोकतांत्रिक अधिकारों पर बढ़ते हमलों तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में छात्र-छात्राओं, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
दोपहर लगभग 12:30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, लेकिन बारिश आंदोलनकारियों के हौसले को तनिक भी डिगा नहीं सकी। कार्यकर्ता घंटों तक बारिश में भीगते हुए पूरे जोश और उत्साह के साथ “अमित शाह इस्तीफा दो”, “लोकतंत्र बचाओ”, “शिक्षा में सुधार करो”, “छात्रों पर अत्याचार बंद करो”, “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे गगनभेदी नारों के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे। लगभग दो से तीन घंटे तक चले इस आंदोलन से पूरा डीएम कार्यालय परिसर नारों से गूंजता रहा।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार दमन किया जा रहा है तथा छात्रों और युवाओं की आवाज़ को लाठियों के बल पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन के बाद डीएम कार्यालय से कचहरी रोड तक जोरदार विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की एवं नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्वक अपना विरोध दर्ज कराया और कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देश में अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार छात्रों की आवाज़ को भी दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इस पूरे घटनाक्रम पर प्रधानमंत्री Narendra Modi का बयान सामने आया, उससे देशभर के छात्र-युवाओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और तनाव के कारण अनेक विद्यार्थियों ने अपनी जान गंवाई है, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। ऐसे संवेदनशील विषयों पर केंद्र सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए तथा प्रधानमंत्री देश के छात्र-युवाओं से माफी मांगें। साथ ही जंतर-मंतर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस छात्रों, युवाओं और लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने के हर प्रयास का सड़क से सदन तक पुरजोर विरोध करेगी। यदि छात्रों के साथ अन्याय और दमन की कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
आज के प्रदर्शन में शोभा बड़ौनी, पुष्पा पवार, अनुराधा, बबीता, रुचि रौतेला, नंदिता गढ़िया, कुसुम, रोबिन त्यागी, विनीत प्रसाद भट्ट, वीरेंद्र पवार, हेमंत उप्रेती, जमाल खान, गौरव रावत, नितिन उनियाल, अभिषेक जुयाल सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, छात्र-छात्राओं एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

महानगर कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष चौहान को सौंपा ज्ञापन

शनि अगस्त 1 , 2026
नोटिस प्राप्त मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार सूची उपलब्ध कराने तथा उत्तर देने की समय-सीमा बढ़ाने की मांग देहरादून । महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने आज महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में जिला निर्वाचन अधिकारी, देहरादून को ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share