केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों से रूबरू होंगे नागरिक, विभिन्न स्थानों पर लगेगी विशेष प्रदर्शनी
Dehradun, June 15, 2026
केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद देहरादून में 15 जून से 20 जून 2026 तक विशेष प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि 17 जून को जिला पंचायत देहरादून, 18 जून को कालसी एवं डोईवाला, 19 जून को सहसपुर एवं विकासनगर तथा 20 जून को चकराता एवं रायपुर में जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को भी सरल बनाया जाएगा।
योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगी विशेष प्रदर्शनियां
शिविरों के साथ-साथ विभिन्न स्थलों पर केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी।
जन-जागरूकता गतिविधियों का भी होगा आयोजन
कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रदर्शनी स्थलों पर ऑन-द-स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिता, वॉक्स-पॉप वीडियो रिकॉर्डिंग, योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा अनुभव साझा करना तथा विभिन्न योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इन शिविरों और प्रदर्शनियों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

