यमुना कॉलोनी स्थित विधायक आवास के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन, त्यूणी प्रकरण की कथित कॉल रिकॉर्डिंग में बालिकाओं पर की गई टिप्पणियों को लेकर जताया विरोध
देहरादून, 04 नवंबर 2026। महिला सम्मान के मुद्दे को लेकर राज्य स्वराज पार्टी ने बुधवार को देहरादून में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने यमुना कॉलोनी स्थित विधायक प्रीतम सिंह के आवास के बाहर पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी ने त्यूणी प्रकरण से जुड़ी कथित कॉल रिकॉर्डिंग में बालिकाओं के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विधायक प्रीतम सिंह और उनके भाई से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी महासचिव राजेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध कांग्रेस पार्टी या कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही उत्तराखंड न्याय यात्रा के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी का सवाल महिला सम्मान की बात करने वाले जनप्रतिनिधियों के कथित दोहरे रवैये को लेकर है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता ललित श्रीवास्तव उत्तराखंडी ने कहा कि जब महिला सम्मान और न्याय की बात की जाती है, तो त्यूणी प्रकरण में सामने आई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी क्यों नहीं मांगी जा रही है। उन्होंने इस मामले में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही पर सवाल उठाए।
वहीं, वरिष्ठ नेता देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि पार्टी की मांग है कि विधायक प्रीतम सिंह और उनके भाई इस प्रकरण को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और महिला सम्मान के प्रति अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट करें।
महिला सम्मान को राजनीति से ऊपर रखने की बात
राज्य स्वराज पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल या विचारधारा से ऊपर है। इस मुद्दे पर दोहरे मापदंड स्वीकार नहीं किए जा सकते। पार्टी ने कहा कि महिला सम्मान, स्वाभिमान और सामाजिक गरिमा से जुड़े मुद्दों पर उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष सुमित अग्रवाल के अलावा मुकेश चौहान, संजय चौहान, जसपाल चौहान, यशपाल राठौर, गीता चौहान, अमित अग्रवाल, दिव्यांश बिष्ट, अमित पासवान, मनीष राणा, इकराम, बचन राणा, महिपाल चौहान, बिट्टू वर्मा और मनदेव राणा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






