दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे हादसा: CCTV में कैद हुई टक्कर, 300 मीटर तक घिसटती रही कार; जांच के लिए बनी उच्च स्तरीय समिति
- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे हादसे के CCTV फुटेज ने बढ़ाए सवाल, प्रशासन ने जांच के लिए बनाई हाई लेवल कमेटी।
Saharanpur/Dehradun | June 28, 2026
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद दुर्घटना को लेकर कई नए तथ्य सामने आए हैं। फुटेज में देखा जा सकता है कि स्कार्पियो की टक्कर के बाद टियागो कार करीब 300 मीटर तक घिसटती रही और दो बार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
🎥 देखें हादसे का CCTV वीडियो : Click Here
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सोनीपत के मंढोरा गांव के दो परिवार अलग-अलग कारों से हरिद्वार जा रहे थे। रामपुर मनिहारान क्षेत्र के हलगोया कट के पास टियागो कार चालक जयदेव वाहन को पीछे कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टियागो को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शी और एनएचएआई पेट्रोलिंग कर्मियों के अनुसार, टियागो कार पीछे करते समय डिपर लाइट का उपयोग नहीं किया गया था। वहीं सीसीटीवी फुटेज में स्कार्पियो की तेज रफ्तार भी साफ दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी और यह भी रिपोर्ट देगी कि संबंधित स्थान ब्लैक स्पॉट है या नहीं। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों पर भी सुझाव दिए जाएंगे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मृतकों प्रवीण, प्रीति, सुदेश और शिवांश की पसलियां टक्कर में टूट गई थीं। पसलियों के टूटने से फेफड़ों और श्वसन तंत्र को गंभीर क्षति पहुंची, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बना लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि स्कार्पियो कार प्रवीण ने अपनी पत्नी नीलम के नाम पर पंजीकृत कराई थी। हादसे में घायल स्कार्पियो चालक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है और पुलिस उसकी निगरानी कर रही है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों के अनुरोध पर देर रात ही पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए सोनीपत के मंढोरा गांव भेज दिया गया। घायल जयदेव, प्रीति और भूमि को भी उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

