शंघाई में चमकी उत्तराखंड की प्रतिभा, सानिया और पार्थ ने जीते रजत पदक

WorldSkills 2026 में चमके उत्तराखंड के सानिया-पार्थ

WorldSkills 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर उत्तराखंड के दो युवाओं ने बढ़ाया देश और देवभूमि का मान

देहरादून 01, अक्टूबर, 2026

उत्तराखंड के दो होनहार युवाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं WorldSkills Competition 2026 में उत्तराखंड की सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल किया।

उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ की रहने वाली सानिया जोशी ने Retail Sales और देहरादून के पार्थ वोहरा ने Industrial Design Technology में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। दोनों की उपलब्धि ऐसे समय में सामने आई है जब दुनिया के अलग-अलग देशों से आए करीब 1400 प्रतिभागियों ने 64 कौशल विधाओं में प्रतिस्पर्धा की।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

WorldSkills में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

22 से 27 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में भारत ने कुल छह रजत पदक और 20 Medallions for Excellence हासिल किए। भारत ने प्रतियोगिता में 10वां स्थान प्राप्त किया, जिसे WorldSkills में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है।

सानिया और पार्थ के लिए शंघाई तक पहुंचने का सफर भी आसान नहीं रहा। दोनों ने IndiaSkills की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। विभिन्न चरणों में बेहतर प्रदर्शन के बाद उनका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।

सानिया ने Retail Sales में दिखाया दम

उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ की 21 वर्षीय सानिया जोशी ने NIFT पंचकूला से Fashion Technology में स्नातक किया है। WorldSkills की तैयारी के लिए उन्हें मुंबई स्थित LTA School of Beauty में विशेष प्रशिक्षण और बूट कैंप कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विजुअल मर्चेंडाइजिंग, ग्राहक संवाद, बिजनेस मैनेजमेंट, पोस्टर डिजाइन, लाइव कम्युनिकेशन और ई-मेल कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन के बाद सानिया ने रजत पदक हासिल किया।

स्वर्ण पदक से सिर्फ एक अंक पीछे रहे पार्थ

देहरादून के 25 वर्षीय पार्थ वोहरा ने Industrial Design Technology में रजत पदक जीता। उन्होंने UPES देहरादून से Product Design में स्नातक किया है और वर्तमान में नोएडा की एक कंपनी में Industrial Designer के रूप में काम कर रहे हैं।

पार्थ ने प्रतियोगिता में 721 अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक से महज एक अंक पीछे रहे।

उनकी उपलब्धि इसलिए भी खास रही क्योंकि Industrial Design Technology उत्तराखंड की राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में शामिल कौशल विधाओं में नहीं था। पार्थ ने Track-2 के माध्यम से प्रतियोगिता में प्रवेश किया और क्षेत्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के बाद WorldSkills के लिए क्वालिफाई किया।

UKSDS और NSDC ने दिया प्रशिक्षण में सहयोग

सानिया और पार्थ की अंतरराष्ट्रीय तैयारी में उत्तराखंड कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और उत्तराखंड कौशल विकास समिति (UKSDS) ने सहयोग किया। दोनों को प्रशिक्षण, बूट कैंप, यात्रा, ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में मदद दी गई।

इसके अलावा National Skill Development Corporation (NSDC) की ओर से भी प्रशिक्षण, आवश्यक उपकरण, आवास, स्टाइपेंड और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के अनुरूप तैयारी में सहयोग दिया गया।

युवाओं के लिए प्रेरणा बनी उपलब्धि

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के सचिव रवि शंकर ने कहा कि सानिया और पार्थ की सफलता कौशल आधारित प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग की उपयोगिता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी दोनों युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रतिष्ठित कौशल मंच पर उत्तराखंड के युवाओं का भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

 

📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।

WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]

Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]

Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का किया शुभारंभ, 9.93 लाख पेंशनरों को ₹147.34 करोड़ जारी

शुक्र अक्टूबर 2 , 2026
9,93,886 पेंशनरों को ₹147.34 करोड़ की पेंशन जारी, 23 वरिष्ठ नागरिक और 5 छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित देहरादून 02 | अक्टूबर, 2026 अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने […]
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर CM धामी ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का किया शुभारंभ

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share