अनंत गोपाल संगीत मंच समिति एवं गुरुकुल की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में राग, भजन और कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां; सीडीओ अभिनव शाह रहे मुख्य अतिथि
देहरादून, 15 नवंबर 2026।भारतीय शास्त्रीय संगीत और कथक की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से अनंत गोपाल संगीत मंच समिति एवं गुरुकुल की ओर से रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बैठक’ का आयोजन किया गया। बी.एस. नेगी महिला प्राविधिक प्रशिक्षण संस्थान, कौलागढ़ रोड स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव शाह और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में OHO Radio के संस्थापक एवं आरजे काव्या काव्येंद्र सिंह, संस्कृति विभाग उत्तराखंड के सहायक निदेशक शेखर पाटवा तथा संस्थान की प्रधानाचार्य नमिता ममगाईं मौजूद रहीं।
राग और भजनों की प्रस्तुतियों ने बनाया भक्तिमय माहौल
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन किया। राग भूपाली में गुरु स्तुति, राग दुर्गा में दुर्गा स्तुति और गणेश वंदना की प्रस्तुति ने सभागार को भक्तिमय बना दिया। वहीं राग गौड़ सारंग में छोटा ख्याल और प्रभु श्रीराम को समर्पित भजन ने श्रोताओं को भावविभोर किया।
कथक नृत्य में महिषासुर मर्दिनी की प्रस्तुति रही खास
सांस्कृतिक संध्या में कथक नृत्य की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। नन्हे विद्यार्थियों ने महिषासुर मर्दिनी की कथा का भावपूर्ण मंचन कर अपनी अभिनय क्षमता और नृत्य कौशल का परिचय दिया। इसके अलावा सरगम आधारित कथक, पारंपरिक कथक, ठुमरी पर भावपूर्ण नृत्य और मधुर रचनाओं पर नृत्य फ्यूजन की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों की सराहना मिली।
कार्यक्रम में वरिष्ठ गायन विद्यार्थियों की भजन जैमिंग प्रस्तुति ने माहौल में एक अलग उत्साह भर दिया। खास बात यह रही कि मंच पर शुरुआती स्तर के छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक सभी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
पांच दशकों से भारतीय शास्त्रीय संगीत और कथक के संरक्षण में जुटी संस्था
इस अवसर पर अनंत गोपाल संगीत मंच समिति की अध्यक्ष एवं गुरुकुल की निदेशक प्रतिभा श्रीवास्तव ने अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘बैठक’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें मंचीय अनुभव भी प्रदान करते हैं। संस्था का प्रयास है कि बच्चों को कला प्रशिक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और गुरु-शिष्य संबंधों के मूल्यों से भी जोड़ा जाए।
उन्होंने बताया कि अनंत गोपाल संगीत मंच समिति पांच दशकों से अधिक समय से भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं कथक के प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण के अवसर भी उपलब्ध कराती है।
कार्यक्रम का समापन कलाकारों, अतिथियों, अभिभावकों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।







