बाल दिवस पर क्लेमेंट टाउन के मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल में लगा जागरूकता शिविर, चित्रकला प्रतियोगिता और जागरूकता रैली का भी हुआ आयोजन
देहरादून, 14 नवंबर 2026। बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के DAWN अभियान के अंतर्गत 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल, बड़ा भारूवाला, क्लेमेंट टाउन में यह शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में करीब 275 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन और निर्देशन में आयोजित किया गया। इस दौरान प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे बचाव और नशे से दूर रहने के उपायों की जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य शहजाद अली ने सचिव का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
बाल अधिकारों और साइबर सुरक्षा की भी दी जानकारी
जागरूकता शिविर में सीमा डुंगराकोटी ने बच्चों को केवल नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान के बारे में ही नहीं, बल्कि उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO), सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के शोषण, उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में बच्चों को चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित सहायता तंत्र से संपर्क करना चाहिए। इस दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई।
नशे के दुरुपयोग और कानूनी सहायता पर चर्चा
प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल ने विद्यार्थियों को शिविर में दी गई जानकारियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान और इसके सामाजिक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही बच्चों को नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जरूरत पड़ने पर इस माध्यम से कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता बच्चे हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान नशे के विरुद्ध जागरूकता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान और नशामुक्त समाज का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। इसके अलावा सचिव सीमा डुंगराकोटी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को मेडिकल किट भी भेंट की।
शिविर स्थल पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई, जहां विद्यार्थियों ने अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं को प्राविधिक कार्यकर्ताओं के साथ साझा किया।
जागरूकता रैली निकालकर दिया नशामुक्ति का संदेश
शिविर के समापन पर नशे के विरुद्ध जागरूकता रैली निकाली गई। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने आसपास के क्षेत्र में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने इस पहल के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल, साजिदा और अंजना रंसवाल ने सहयोग किया।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]






