पौड़ी के यमकेश्वर स्थित गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में तैनात थे डॉ. उमेश त्यागी। शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में कथित फर्जीवाड़े को लेकर पुलिस ने दर्ज किया था मुकदमा, 12 नवंबर को गाजियाबाद से हुई गिरफ्तारी।
पौड़ी, 14 नवंबर, 2026। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा जगत में फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के सहारे सरकारी नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। पौड़ी जिले के यमकेश्वर स्थित गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर नियुक्ति के लिए कथित रूप से फर्जी और कूटरचित शैक्षणिक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने का आरोप है। पौड़ी पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है।
यमकेश्वर के राजकीय महाविद्यालय से जुड़ा है मामला
मामला यमकेश्वर के विथ्याणी स्थित गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय का है। पुलिस के अनुसार, महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात डॉ. उमेश त्यागी (49 वर्ष) पर नियुक्ति के दौरान प्रस्तुत किए गए शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में कथित फर्जीवाड़ा करने का आरोप है।
इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य ने 23 सितंबर 2026 को थाना यमकेश्वर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोपी के खिलाफ फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी प्राप्त करने के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।
BNS की इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
प्राचार्य की शिकायत के आधार पर यमकेश्वर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने निष्पक्ष और तेजी से जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार की निगरानी में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
12 नवंबर को गाजियाबाद से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी डॉ. उमेश त्यागी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का पुराना पता मुरादनगर, गाजियाबाद और वर्तमान पता बादलपुर, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में थाना यमकेश्वर के उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि और कांस्टेबल संजीव कुमार शामिल रहे। वहीं सीआईयू टीम से एएसआई अहसान अली और कांस्टेबल अवनीश राणा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी पद हासिल करने के आरोप में हुई इस गिरफ्तारी के बाद अब मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर नजर रहेगी।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]







