सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान के तहत स्टारलैंड विद्यालय में लगा शिविर, पॉक्सो कानून, सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श और बाल शोषण से बचाव की दी जानकारी
देहरादून | 30 अक्टूबर, 2026
बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से शुक्रवार को नेहरू कॉलोनी स्थित स्टारलैंड विद्यालय में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ‘सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान’ के तहत आयोजित इस शिविर में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा और बाल शोषण से बचाव के कानूनी उपायों की जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व अपर जिला जज पंचम अंजली बेंजवाल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान तथा किसी भी तरह के शोषण या उत्पीड़न से बचाव के बारे में विस्तार से समझाया।
अंजली बेंजवाल ने बच्चों से कहा कि उन्हें अपने अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर जागरूक रहना चाहिए। यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो वे बिना डर या झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। शिविर में बच्चों को जरूरी हेल्पलाइन नंबरों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
स्कूल में स्थायी हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत कर अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान पाने का अवसर मिला।
अपर जिला जज अंजली बेंजवाल ने विद्यालय की प्रधानाचार्या को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए स्कूल में दो महिला और दो पुरुष शिक्षक-शिक्षिकाओं का पैनल गठित किया जाए। साथ ही विद्यालय में स्थायी हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी अपनी बात आसानी से रख सकें।
शिविर में साइबर सेल से शिल्पा सैनी, जिला बाल संरक्षण इकाई से रश्मि बिष्ट, पैनल अधिवक्ता नूपुर मित्तल, प्राविधिक कार्यकर्ता कुलवीर सिंह तड़ियाल और किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]







