27 नवंबर से शुरू होगा देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल 2026, विशाल-रेखा भारद्वाज करेंगे फंडरेजिंग संगीत प्रस्तुति; साहित्य, सिनेमा, संगीत और रंगमंच की हस्तियां साझा करेंगी अपने अनुभव
देहरादून, 15 नवंबर 2026। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला की बड़ी हस्तियों की मेजबानी करने जा रही है। शहर में 27 से 29 नवंबर तक देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (DDLF) 2026 का आयोजन किया जाएगा। दून इंटरनेशनल स्कूल में होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में संगीतकार ए.आर. रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, फिल्मकार एवं संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज और अभिनेत्री शबाना आज़मी समेत देश की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।

इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ रखी गई है। इसके तहत साहित्य और कला की दुनिया से जुड़े अनुभवों के साथ ही रचनात्मकता, सामाजिक बदलाव, संस्कृति और विरासत जैसे विषयों पर संवाद होंगे। महोत्सव में पुस्तक चर्चाएं, विशेष परिचर्चाएं, संगीत कार्यक्रम, नाट्य प्रस्तुतियां और साहित्यिक सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में संगीतकार ए.आर. रहमान और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली के बीच विशेष संवाद, विशाल और रेखा भारद्वाज की संगीत प्रस्तुति तथा रस्किन बॉन्ड के चर्चित उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर विशेष संस्करण का विमोचन शामिल है।

विशाल भारद्वाज ने की फंडरेजिंग संगीत कार्यक्रम की घोषणा
महोत्सव की पत्रकार वार्ता में विशाल भारद्वाज ने डीडीएलएफ के साथ अपने लंबे जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि इस मंच ने वर्षों में सार्थक संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने इस वर्ष शुरू की जा रही नई पहल ‘दुआ – देहरादून यूनाइट्स आर्टिस्ट्स’ की जानकारी भी साझा की।
विशाल भारद्वाज के मुताबिक, इस पहल के तहत फंडरेजिंग संगीत कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य उत्तराखंड के संवेदनशील और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों को मजबूत बनाने तथा उनकी सहायता करना है।
इस श्रृंखला का पहला कार्यक्रम 29 नवंबर को देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में आयोजित होगा, जिसमें विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज संगीत प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम केवल संगीत प्रेमियों के लिए ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक उद्देश्य से भी जुड़ा होगा।
वहीं, रेखा भारद्वाज ने इस आयोजन के सांस्कृतिक महत्व पर बात करते हुए कहा कि ऐसे मंच कला प्रेमियों को साहित्य से जुड़ने और अलग-अलग रचनात्मक विधाओं को करीब से समझने का अवसर देते हैं। संगीत और साहित्य के बीच संवाद को बढ़ावा देने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
ए.आर. रहमान और इम्तियाज अली पहली बार साझा करेंगे मंच
डीडीएलएफ 2026 का एक बड़ा आकर्षण संगीतकार ए.आर. रहमान और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली के बीच होने वाला विशेष संवाद होगा। इस बातचीत में सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला के आपसी संबंधों पर चर्चा होगी।
दोनों कलाकार अपनी रचनात्मक यात्राओं, कला के विकास और चर्चित फिल्मों के पीछे की सृजन प्रक्रिया से जुड़े अनुभव साझा करेंगे। उनके साथ मिलकर किए गए काम और फिल्मों के माध्यम से कहानी कहने के अलग-अलग तरीकों पर भी चर्चा होगी।
महोत्सव में फिल्म ‘ओमकारा’ के 20 वर्ष और ‘पार्च्ड’ के 10 वर्ष पूरे होने पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। विशाल भारद्वाज अपनी फिल्म ‘ओमकारा’ की परिकल्पना, निर्माण और विलियम शेक्सपियर के नाटक ‘ऑथेलो’ से उसके जुड़ाव पर बात करेंगे।
वहीं, फिल्म ‘पार्च्ड’ की निर्देशक लीना यादव और अभिनेत्रियां सयानी गुप्ता तथा तनिष्ठा चटर्जी फिल्म में महिलाओं के संघर्ष, इच्छाओं और सामाजिक परिस्थितियों के चित्रण के साथ इसकी मौजूदा समय में प्रासंगिकता पर चर्चा करेंगी।
शबाना आज़मी, रत्ना पाठक शाह और राज बब्बर भी होंगे शामिल
इस बार महोत्सव में सिनेमा और रंगमंच की कई चर्चित हस्तियां अपनी जिंदगी और रचनात्मक सफर के अनुभव साझा करेंगी। अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आज़मी भारतीय सिनेमा और रंगमंच में अपनी यात्रा, सामाजिक बदलाव और कला की भूमिका पर विचार रखेंगी।
अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह भी अपने अनुभव साझा करेंगी। वहीं अभिनेता राज बब्बर अपनी बेटी जूही बब्बर के साथ विशेष संवाद में शामिल होंगे। इसमें परिवार, कलात्मक विरासत और पीढ़ियों के बीच रचनात्मक परंपरा को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा संध्या मृदुल, अनुप सोनी, तनिष्ठा चटर्जी, शालिनी पासी, प्रिया मलिक, कुब्रा सेठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ और अन्य कलाकार एवं वक्ता भी महोत्सव का हिस्सा बनेंगे।
रस्किन बॉन्ड के उपन्यास के 70 साल पूरे होने पर विशेष आयोजन
साहित्यिक कार्यक्रमों में प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के पहले उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी खास रहेगा। वर्ष 1956 में पहली बार प्रकाशित इस उपन्यास का महोत्सव के दौरान विशेष चित्रांकित संस्करण जारी किया जाएगा। इस अवसर पर उपन्यास की साहित्यिक विरासत और पाठकों के बीच इसकी लोकप्रियता पर भी चर्चा होगी।
हिंदी की वरिष्ठ लेखिका ममता कालिया को ‘शिवानी – आयरन लेडी ऑफ द हिल्स’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान महिला लेखिकाओं के साहित्यिक योगदान को पहचान देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पीपल बाबा को ‘गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज’ सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा महोत्सव में रस्किन बॉन्ड लिटरेरी अवॉर्ड्स के माध्यम से उभरती साहित्यिक प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
कैप्टन विक्रम बत्रा की कहानी से लेकर हास्य और पर्यावरण तक होगी चर्चा
महोत्सव में ‘ये दिल मांगे मोर’ पुस्तक पर आधारित विशेष संवाद भी आयोजित होगा। इस पुस्तक में विशाल बत्रा ने अपने भाई और कारगिल युद्ध के नायक कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन, विरासत और सर्वोच्च बलिदान को शब्दों में पिरोया है।
लेखिकाएं शिनी एंटनी और आंचल मल्होत्रा ‘फैक्ट, फिक्शन एंड एवरीथिंग इन बिटवीन’ सत्र में तथ्यों, कल्पना और स्मृतियों के बीच संबंधों पर बातचीत करेंगी। वहीं ममता कालिया हिंदी साहित्य में अपने योगदान पर विचार साझा करेंगी। कवयित्री एवं मंच कलाकार प्रिया मलिक अपनी पहली पुस्तक ‘इश्क के सात पड़ाव’ का विमोचन भी करेंगी।
समकालीन संस्कृति और हास्य पर आधारित सत्रों में हास्य कलाकार आदित्य कुलश्रेष्ठ ‘रीडिंग बिटवीन द जोक्स’ में हास्य और समाज के संबंधों पर चर्चा करेंगे। लेखक मनु जोसेफ भी ‘विट, ट्रुथ एंड द आर्ट ऑफ लुकिंग क्लोजली’ शीर्षक से आयोजित संवाद में शामिल होंगे।
पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित ‘द लैंग्वेज ऑफ ट्रीज’ सत्र में पीपल बाबा पेड़ लगाने और उनके संरक्षण से जुड़े अपने लंबे अनुभव साझा करेंगे।
तीन दिन होंगे नाटक और संगीत के विशेष कार्यक्रम
इस वर्ष महोत्सव में शाम के समय संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों की विशेष श्रृंखला भी रखी गई है। इन प्रस्तुतियों से प्राप्त धनराशि सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित की जाएगी।
27 नवंबर को जूही बब्बर सोनी ‘एक लम्हा जिंदगी’ नाटक प्रस्तुत करेंगी। यह वर्ष 1938 से 1979 तक की पृष्ठभूमि में बुनी गई प्रेम कहानी है।
28 नवंबर को ‘ब्रेस्ट ऑफ लक’ नाटक का मंचन होगा। इसमें तनिष्ठा चटर्जी और शारिब हाशमी अभिनय करेंगे, जबकि निर्देशन लीना यादव का होगा। दोनों नाट्य प्रस्तुतियों से प्राप्त धनराशि ‘लेट्स स्प्रेड हैप्पीनेस फाउंडेशन’ को दी जाएगी।
29 नवंबर को विशाल और रेखा भारद्वाज की संगीत प्रस्तुति के साथ ‘दुआ’ पहल के तहत फंडरेजिंग कार्यक्रम आयोजित होगा।
डीडीएलएफ चौपाल और बाजार भी होंगे आकर्षण
मुख्य मंच के अलावा महोत्सव में डीडीएलएफ बाजार और चौपाल भी तैयार किए जाएंगे। बाजार में पुस्तकों, खानपान और स्थानीय शिल्प से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं चौपाल को पारंपरिक भारतीय सामुदायिक बैठक की अवधारणा पर तैयार किया जाएगा।
यहां कविता और गीत लेखन कार्यशालाएं, खुला मंच, सामूहिक संगीत, गायन, कला गतिविधियां, पठन मंडलियां और वक्ताओं के साथ अनौपचारिक संवाद आयोजित होंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, युवा पाठकों और अन्य आगंतुकों को साहित्य एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
दून इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक एच.एस. मान ने कहा कि इस आयोजन से विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को देश के प्रतिष्ठित विचारकों एवं रचनात्मक प्रतिभाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजन युवाओं में जिज्ञासा, रचनात्मकता और आलोचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कब और कहां होगा देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल?
देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल 2026 का आयोजन 27 से 29 नवंबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून में होगा। महोत्सव में शामिल होने के इच्छुक लोग इसकी आधिकारिक वेबसाइट www.dehradunliteraturefestival.com पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजकों की ओर से पंजीकरण निःशुल्क बताया गया है।







