विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, समयबद्ध डिजिटाइजेशन पर जिलाधिकारी का जोर,99.93 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण एवं 76.23 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूर्ण

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सभी निर्वाचन अधिकारियों एवं बीएलओ को अभियान से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए गणना प्रपत्रों का समयबद्ध वितरण एवं संग्रहण जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही आवश्यक उनका शीघ्र डिजिटाइजेशन भी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ प्रपत्रों के संग्रहण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य में भी तेजी लाएं, ताकि अभियान की प्रत्येक गतिविधि तय समयसीमा के अनुरूप पूर्ण हो सके। समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद के 592 बीएलओ द्वारा कुल 2,95,623 निर्वाचकों में से 99.93 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है। साथ ही 2,25,352 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण कर लिया गया है, जो कुल प्रपत्रों का 76.23 प्रतिशत है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 07 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया भी पूर्ण की जाएगी। इसके उपरांत 14 जुलाई को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका चरणबद्ध निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करते हुए कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद में शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share