सुबह 5 बजे प्रेमनगर से शुरू हुई राइड, फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
देहरादून, 16 नवंबर 2026। छठ पूजा के पावन अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने आस्था, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विशेष साइकिल जागरूकता राइड का आयोजन किया। सोमवार सुबह 5 बजे प्रेमनगर से शुरू हुई यह राइड विभिन्न मार्गों से होते हुए रिखोली गांव स्थित नगीश्वर मंदिर पहुंची।
राइड प्रेमनगर से पंडितवाड़ी, बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट चौक, सप्लाई चौक और किमाड़ी होते हुए नगीश्वर मंदिर तक निकाली गई। इसका नेतृत्व क्लब के वरिष्ठ साइकिलिस्ट तेजिंदर पाल सिंह और रिक्की गोस्वामी ने किया।
इस दौरान रिक्की गोस्वामी ने प्रतिभागियों को छठ पूजा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छठ पर्व में भगवान सूर्य को संध्या के समय अस्ताचलगामी सूर्य और अगली सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व प्रकृति, सूर्य और जीवन के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से सभी को नियमित साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
वहीं, वरिष्ठ साइकिलिस्ट तेजिंदर पाल सिंह ने नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण और मिलावट के बढ़ते प्रभाव के बीच अनुशासित जीवनशैली और नियमित व्यायाम बेहद जरूरी हैं। साइकिलिंग न केवल शरीर को फिट रखने का बेहतर माध्यम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
क्लब अध्यक्ष ने वरिष्ठ साइकिलिस्टों और युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल साइकिलिंग को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि स्वस्थ, हरित और प्रदूषण मुक्त देहरादून के निर्माण में योगदान देना भी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं का एक साथ इस तरह की गतिविधियों में शामिल होना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।
इस विशेष राइड में प्रणय पंत, चित्रांग, मोहम्मद हारिस, आदित्य रावत, आर्यन झा, वैभव रंजन, नमन, वेदांश, रिक्की गोस्वामी, तेजिंदर पाल सिंह, मनमिंदर सिंह, आरती, कार्तिकेय और शुभम सहित क्लब के कई सदस्य शामिल हुए।
देहरादून साइक्लिंग क्लब ने भविष्य में भी धार्मिक और सामाजिक अवसरों पर ऐसी जागरूकता राइड आयोजित करने की बात कही। क्लब का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवनशैली के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी भागीदारी निभाएं।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]







