तेज रफ्तार कारों की टक्कर से विनोद कुमार की मौत के बाद क्लब की पहल, रात्रि ड्यूटी पर आने-जाने वाले सुरक्षा गार्डों को निःशुल्क रेड बैक टेल लाइट उपलब्ध कराई जाएगी।
देहरादून, 13 नवंबर, 2026। देहरादून में तेज रफ्तार कारों की कथित रेस और लापरवाही के चलते साइकिल सवार सुरक्षा गार्ड विनोद कुमार की मौत के मामले में देहरादून साइक्लिंग क्लब ने गहरा शोक व्यक्त किया है। क्लब ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पुलिस और यातायात प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रात्रि में साइकिल से आवागमन करने वाले सुरक्षा गार्डों की सुरक्षा के लिए निःशुल्क रेड बैक टेल लाइट देने की पहल की है।
क्लब के अनुसार, विनोद कुमार ड्यूटी समाप्त करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो तेज रफ्तार कारों ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना पर क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह सहित सभी सदस्यों ने शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
तेज रफ्तार और सड़क पर रेस लगाने वालों पर कार्रवाई की मांग
क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि सड़क पर तेज रफ्तार और आपसी रेस लगाने की मानसिकता बेहद खतरनाक होती जा रही है। कुछ लोगों की लापरवाही के कारण एक मेहनतकश नागरिक को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने सवाल उठाया कि शहर में तेज रफ्तार वाहनों और स्टंटबाजी पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन और यातायात पुलिस से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
रात में साइकिल चलाने वाले सुरक्षा गार्डों को मिलेगी फ्री टेल लाइट
विनोद कुमार की मौत के बाद देहरादून साइक्लिंग क्लब ने रात्रि में साइकिल से आवागमन करने वाले सुरक्षा गार्डों की सुरक्षा के लिए पहल की है। क्लब शहर में रात की ड्यूटी पर आने-जाने वाले सुरक्षा गार्डों को निःशुल्क रेड बैक टेल लाइट (Rear Safety Tail Light) उपलब्ध कराएगा।
इस लाइट को साइकिल के पीछे लगाया जा सकेगा, जिससे अंधेरे में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को साइकिल आसानी से दिखाई देगी और दुर्घटना की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
जो सुरक्षा गार्ड यह लाइट प्राप्त करना चाहते हैं, वे क्लब से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए क्लब ने 8755960120 नंबर जारी किया है। इस नंबर पर WhatsApp या कॉल के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।
हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी: हरिसिमरन सिंह
हरिसिमरन सिंह ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल साइकिलिंग को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि साइकिल चालकों और सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। एक जिम्मेदार सामाजिक संगठन के तौर पर क्लब अपनी ओर से यह छोटा-सा प्रयास कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी अपूरणीय क्षति न उठानी पड़े।
क्लब ने पुलिस प्रशासन से की ये मांगें
देहरादून साइक्लिंग क्लब ने प्रशासन और यातायात पुलिस से अपील की है कि:
- सड़कों पर तेज रफ्तार और आपसी रेस लगाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो।
- रात के समय भी नियमित चेकिंग और निगरानी सुनिश्चित की जाए।
- लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
- साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित सड़कें और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जाए।
क्लब ने कहा कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की जिंदगी अनमोल है। किसी भी नागरिक को अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौटते समय अपनी जान नहीं गंवानी चाहिए।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]







