देहरादून फुटबॉल एकेडमी के बीएनएफसी क्लब से तीन वर्षीय एमओयू के बाद उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर मिलेंगे।
Dehradun | June 26, 2026
उत्तराखंड के फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य की पहली मान्यता प्राप्त फुटबॉल अकादमी देहरादून फुटबॉल एकेडमी (डीएफए) ने महाराष्ट्र के ठाणे स्थित प्रतिष्ठित बीएनएफसी फुटबॉल क्लब के साथ तीन वर्षों के लिए समझौता (एमओयू) किया है। यह करार 26 जून 2026 को संपन्न हुआ।
डीएफए के फाउंडर प्रेजिडेंट एवं हेड कोच डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि देहरादून फुटबॉल एकेडमी को फुटबॉल फेडरेशन ऑफ भारत (पूर्व में ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन) तथा उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की किसी फुटबॉल अकादमी का किसी प्रतिष्ठित प्रोफेशनल क्लब के साथ इस तरह का यह पहला समझौता है।
इस अवसर पर बीएनएफसी फुटबॉल क्लब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अशीम बर्वा भी मौजूद रहे। एमओयू के तहत 10 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों से लेकर ओपन एज वर्ग तक के खिलाड़ियों को ग्रासरूट्स एवं एलीट प्लेयर डेवलपमेंट, रेजिडेंशियल डेवलपमेंट प्रोग्राम, जिला, राज्य, यूथ एवं अकादमी लीग, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, प्रोफेशनल क्लब ट्रायल, अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर टूर, ट्रेनिंग कैंप, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति, कोच एजुकेशन प्रोग्राम तथा लॉन्ग टर्म फुटबॉल करियर डेवलपमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डॉ. रावत ने बताया कि इस समझौते के बाद उत्तराखंड के खिलाड़ियों को ट्रायल या उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब देहरादून फुटबॉल एकेडमी ही राज्य में खिलाड़ियों को प्रोफेशनल स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, जिससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जुलाई 2026 से खिलाड़ियों के पंजीकरण और प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों को दिसंबर से जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस दौरान डीएफए के फाउंडर प्रेजिडेंट डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत और बीएनएफसी क्लब के सीईओ अशीम बर्वा ने संयुक्त रूप से अकादमी की नई टी-शर्ट भी लॉन्च की। दोनों संस्थाओं ने इस साझेदारी को उत्तराखंड के फुटबॉल खिलाड़ियों के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

