राजपुर रोड के वीआईपी इलाके में MDDA का बड़ा प्रहार, तीन अवैध डुप्लेक्स सील

VIP इलाके में MDDA का बड़ा प्रहार, 3 अवैध डुप्लेक्स सील

जाखन में अवैध निर्माण पर MDDA की बड़ी कार्रवाई, तीन निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवन सील

  • बिना नक्शा स्वीकृति के हो रहा था निर्माण, कई नोटिस के बाद भी नहीं रुका काम; एमडीडीए ने की सख्त कार्रवाई

Dehradun | July 04, 2026

राजधानी के पॉश इलाके राजपुर रोड स्थित जाखन में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार संबंधित निर्माण बिना मानचित्र (नक्शा) स्वीकृत कराए कराया जा रहा था और कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया।

एमडीडीए के मुताबिक जाखन स्थित थापा निवास वाली गली में कपिल कपूर द्वारा तीन डुप्लेक्स भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान निर्माण में अनियमितताएं मिलने और लगातार शिकायतें प्राप्त होने के बाद कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने बताया कि किसी भी आवासीय या व्यावसायिक भवन का निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृति लेना अनिवार्य होता है, लेकिन इस मामले में नियमों का पालन नहीं किया गया।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

नोटिस के बाद भी जारी रहा निर्माण

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार निर्माणकर्ता को कई बार नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे। क्षेत्रीय अधिकारियों और अभियंताओं ने मौके पर पहुंचकर निर्माण बंद कराने का प्रयास भी किया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया।

इसके बाद एमडीडीए के संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर अवर अभियंता सचिन तोमर, उमेश वर्मा और क्षेत्रीय सुपरवाइजर की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान श्रमिकों को बाहर निकालकर निर्माण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया गया।

प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि यदि सील से किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अवैध निर्माण पर नहीं होगी कोई रियायत : बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित निर्माणकर्ता को नियमों का पालन करने के लिए पर्याप्त अवसर दिए गए, लेकिन इसके बावजूद निर्देशों की अनदेखी की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के नियोजित विकास से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा और बिना मानचित्र स्वीकृति के होने वाले निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, नियमों का उल्लंघन करने पर भवन सील या ध्वस्त किए जाएंगे।

अभियान रहेगा जारी : एमडीडीए

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जाखन में की गई कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में देहरादून के अन्य क्षेत्रों में भी बिना मानचित्र स्वीकृति के चल रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित

Sat Jul 4 , 2026
राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पदक जीतने वाले तीरंदाजों का सम्मान, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बढ़ाया हौसला कोटद्वार की बलूनी आर्चरी एकेडमी के खिलाड़ियों और प्रशिक्षक पवन भंडारी को किया सम्मानित, खिलाड़ियों की उपलब्धियों को बताया प्रदेश का गौरव Kotdwar | July 04, 2026 उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं […]
बलूनी आर्चरी एकेडमी के पदक विजेता तीरंदाजों का सम्मान, ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बढ़ाया हौसला

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share