राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पदक जीतने वाले तीरंदाजों का सम्मान, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बढ़ाया हौसला
- कोटद्वार की बलूनी आर्चरी एकेडमी के खिलाड़ियों और प्रशिक्षक पवन भंडारी को किया सम्मानित, खिलाड़ियों की उपलब्धियों को बताया प्रदेश का गौरव
Kotdwar | July 04, 2026
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने अपने निम्बूचौड़ स्थित आवास पर बलूनी आर्चरी एकेडमी के प्रतिभावान खिलाड़ियों और प्रशिक्षक पवन भंडारी को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवा शक्ति को नई दिशा देने के साथ प्रदेश और देश का नाम भी रोशन करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण सबसे जरूरी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से देवांश नेगी को सम्मानित किया गया। उन्होंने मार्च 2026 में हरिद्वार में आयोजित राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप के अंडर-15 इंडियन राउंड वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद मई 2026 में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
इसके अलावा राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप में याहवी और शौर्य भट्ट ने अंडर-15 मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक, अर्नव, विदिशा और तेजस्विनी ने अंडर-10 टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक, आर्ध्या, भाविका और हंसिका ने अंडर-13 बालिका टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा अभिनव, निहित और शौर्य रावत ने अंडर-13 बालक टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने खिलाड़ियों के अभिभावकों का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, सहयोग और प्रोत्साहन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का समर्थन ही बच्चों को बड़े मंच तक पहुंचाने की ताकत देता है।
उन्होंने प्रशिक्षक पवन भंडारी की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में बलूनी आर्चरी एकेडमी के खिलाड़ी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और कोटद्वार को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिला रहे हैं।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

