क्लेमेंटटाउन में जारी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 12 टीमें ले रही हैं हिस्सा, नए फीफा नियमों के तहत खेले जा रहे मुकाबले
Dehradun | July 04, 2026
तिब्बत समाज के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के अवसर पर क्लेमेंटटाउन स्थित तिब्बत स्कूल फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट के चौथे दिन भी खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 12 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
चौथे दिन खेले गए पहले मुकाबले में गोरखा इलेवन एफसी ने नई बस्ती एफसी को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच के दौरान गोरखा इलेवन ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
दिन के दूसरे मुकाबले में ढोंडुपलिंग एफसी और गुरुंग एफसी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने 2-2 गोल किए, जिसके बाद मुकाबला ड्रॉ रहा और दोनों टीमों को एक-एक अंक प्रदान किया गया।
ढोंडुपलिंग फुटबॉल क्लब द्वारा आयोजित इस सप्ताहभर चलने वाले टूर्नामेंट में ढोंडुपलिंग एफसी, मुंडा ब्रदर्स एफसी, गुरुंग एफसी, एमयू एफसी, एन्जॉय एफसी, प्रेरणा एफसी, दून चैलेंजर एफसी, कोको देकलिंग एफसी, पांवटा चेस्लुम एफसी, रोंग एफसी, गोरखा इलेवन एफसी और नई बस्ती एफसी भाग ले रही हैं।
टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लागू नवीनतम फीफा रेफरिंग नियमों का पालन कराया जा रहा है। इसके लिए टूर्नामेंट से पहले रेफरियों का एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें नए रेफरियों को आधुनिक नियमों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों, कोचों और रेफरियों को नवीनतम फुटबॉल नियमों की बेहतर समझ मिल रही है।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में तामदिन, याशी, ताशी और गोम्पो सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार तथा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

