सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में द दून स्कूल ने सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से हराया।
Dehradun | August 12, 2026
सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून के तत्वावधान में आयोजित 11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में द दून स्कूल, देहरादून ने मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि, द दून स्कूल ने पूरे मुकाबले में बेहतर नियंत्रण और आक्रामक खेल के दम पर निर्णायक बढ़त बनाई और 3-0 की जीत के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
बारिश के बीच खिलाड़ियों ने दिखाया जज्बा
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन, जोश और खेल भावना का प्रदर्शन किया। लगातार बारिश के बावजूद खिलाड़ियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। घनघोर बारिश के बीच भी टीमों ने मैदान पर शानदार मुकाबले खेले और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि एवं सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इन खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
- Emerging Player of the Tournament: टयार डोनी, सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल
- Golden Gloves Award: विराज भारद्वाज, सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल
- Best Player of the Tournament: जिगमे, द दून स्कूल
- Golden Boot Award: अनिरुद्ध, कसीगा स्कूल, देहरादून
- Fair Play Trophy: इंडियन पब्लिक स्कूल, देहरादून

डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को विशेष सम्मान
टूर्नामेंट के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को मुख्य अतिथि द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने डॉ. रावत की फिटनेस और खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि 57 वर्ष की आयु में भी डॉ. रावत की फिटनेस युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। बताया गया कि डॉ. रावत पिछले 27 वर्षों से खिलाड़ी, कोच और रेफरी के रूप में खेल जगत से जुड़े हुए हैं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए फिटनेस बेहद महत्वपूर्ण है और डॉ. रावत इसका बेहतर उदाहरण हैं।
10 प्रमुख विद्यालयों ने लिया हिस्सा
सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के हेड ऑफ स्पोर्ट्स कवलजीत सिंह धालीवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 10 प्रमुख विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में द दून स्कूल, वेलहम बॉयज़ स्कूल, बिशप कॉटन स्कूल, द सागर स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई, कसीगा स्कूल, जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, द एशियन स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल की टीमें शामिल रहीं।
डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में रेफरी पैनल
टूर्नामेंट के निष्पक्ष संचालन के लिए उत्तराखंड के पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, वरिष्ठ रेफरी और अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया था।
उनके नेतृत्व में रेफरी पैनल में भूपाल सिंह नेगी, मनोज नेगी, रोशन चंद, हर्षित चौहान, वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति और विमल सिंह रावत ने अपनी सेवाएं दीं।
आयोजन को सफल बनाने में सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के स्पोर्ट्स स्टाफ का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्पोर्ट्स कोच अरुण, सुपरवाइजर ललित और फिजियो कुशलानंद सेमवाल सहित समस्त स्टाफ ने आयोजन के संचालन में भूमिका निभाई।
यह राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल कौशल को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मंच प्रदान कर रहा है। साथ ही, प्रतियोगिता विद्यालयी फुटबॉल में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Also Read: उत्तराखंड मौसम अपडेट पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.







