प्रदेश की 28 टीमों के करीब 500 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, अंडर-15 फाइनल में एकलव्य का निर्णायक गोल; 50 प्लस वर्ग में उत्तराखंड एफसी को 2-1 से हराया।
एकलव्य के निर्णायक गोल से चैंपियन बना एनडीएस ऋषिकेश
अंडर-15 वर्ग का फाइनल मुकाबला देहरादून फुटबॉल एकेडमी और एनडीएस ऋषिकेश के बीच खेला गया। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एनडीएस ऋषिकेश के एकलव्य ने मैच के 55वें मिनट में निर्णायक गोल दागकर अपनी टीम को खिताबी जीत दिलाई।
एकलव्य को टूर्नामेंट का बेस्ट प्लेयर चुना गया, जबकि डीएफए के कार्तिक राणा को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार मिला।
50 प्लस वर्ग में गढ़वाल राइफल्स ने उत्तराखंड एफसी को हराया
50 प्लस वर्ग के फाइनल में गढ़वाल राइफल्स एक्स-आर्मी टीम ने उत्तराखंड एफसी को 2-1 से शिकस्त देकर चैंपियनशिप पर कब्जा किया। विजेता टीम की ओर से मनीष शर्मा और अमन ने गोल किए, जबकि उत्तराखंड एफसी के सुरेंद्र पुन ने एक गोल दागा।
गढ़वाल राइफल्स के राहुल बिजलवान को बेस्ट गोलकीपर और उत्तराखंड एफसी के अमन को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 7,000 और 5,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई। इसके साथ ही खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाणपत्र और बैग प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण पूर्व भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी कमल सिंह रावत, राष्ट्रीय खिलाड़ी विमल सिंह रावत, मनोज नेगी, खड़क बहादुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया।
आयोजक डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 24 अप्रैल से किया गया था। अंडर-15 वर्ग में 16 और 50 प्लस वर्ग में 12 टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के लिए पारंपरिक पहाड़ी भोजन और चाय की व्यवस्था भी की गई, जिसकी प्रतिभागियों ने सराहना की।
27 वर्षों से फुटबॉल को बढ़ावा दे रही डीएफए
देहरादून फुटबॉल एकेडमी के संस्थापक अध्यक्ष एवं हेड कोच और खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने आयोजन को सफल बनाने वाले खिलाड़ियों, रेफरी और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने रेफरी वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति, हर्षित, मनोज और आशीष नेगी सहित अन्य सहयोगियों के योगदान की सराहना की।
डॉ. रावत ने कहा कि देहरादून फुटबॉल एकेडमी पिछले 27 वर्षों से विभिन्न आयु वर्गों में फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। इस पहल से हजारों युवाओं को फुटबॉल में आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। एकेडमी खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच और रेफरी तैयार करने में भी योगदान दे रही है।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और मोबाइल की अत्यधिक लत से दूर रखने के साथ अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद करता है। फुटबॉल के माध्यम से युवाओं को बेहतर भविष्य की दिशा देना एकेडमी का प्रमुख उद्देश्य है।
1 नवंबर को देहरादून में इंडिया खेलो फुटबॉल का नॉर्थ जोन ट्रायल
डॉ. रावत ने बताया कि 1 नवंबर 2026 को इंडिया खेलो फुटबॉल का नॉर्थ जोन नेशनल ट्रायल देहरादून फुटबॉल एकेडमी के मैदान पर आयोजित किया जाएगा। यह मैदान गूलर घाटी रोड स्थित भागीरथी एन्क्लेव, देहरादून में है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 से 2016 के बीच जन्मे फुटबॉल खिलाड़ी इस ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगे। चयनित खिलाड़ियों को दिसंबर में होने वाले नेशनल ट्रायल में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों को पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित फाइनल सिलेक्शन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने का मौका दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, इस चयन प्रक्रिया का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और देश-विदेश के पेशेवर फुटबॉल क्लबों तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध कराना है। डॉ. रावत ने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
- WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
- Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
- Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]







