दलाई लामा 91वें जन्मदिवस फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ देहरादून के क्लेमनटाउन में हुआ। सप्ताहभर चलने वाली प्रतियोगिता में राज्यभर की 12 टीमें भाग ले रही हैं।
Dehradun | July 01, 2026
तिब्बत समाज के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ढोंडूपलिंग फुटबॉल क्लब, क्लेमनटाउन की ओर से राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन तिब्बत स्कूल के फुटबॉल मैदान में किया जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आई 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इस सप्ताहभर चलने वाले टूर्नामेंट में ढोंडूपलिंग एफसी, मुंडा ब्रदर्स एफसी, गुरुंग एफसी, एमयू एफसी, एन्जॉय एफसी, प्रेरणा एफसी, दून चैलेंजर एफसी, कोको डेकलिंग एफसी, पांवटा चेस्लुम एफसी, रोंग एफसी, गोरखा इलेवन एफसी और नई बस्ती एफसी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर के रूप में डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को नियुक्त किया गया है। उनके साथ रेफरी दोर्जी, हर्षित चौहान, उत्कर्ष, रोशन चंद, अमन जखमोला, चर्चिल राणा और विमल सिंह रावत मैचों का संचालन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन तिब्बतन कॉलोनी, देहरादून के महासचिव लोपसोंग ताशी ने किया। उद्घाटन मुकाबले में मुंडा ब्रदर्स एफसी ने ढोंडूपलिंग एफसी को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में दून चैलेंजर एफसी ने कोको डेकलिंग एफसी को 1-0 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। आयोजन में तामदिन, याशी, ताशी सहित कई स्वयंसेवियों का सहयोग मिल रहा है।
मैच कमिश्नर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में फीफा के नवीनतम नियमों के अनुसार मुकाबले कराए जा रहे हैं। इसके लिए पहले रेफरियों का विशेष प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें नए रेफरियों को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने कहा कि नए नियमों के पालन से खिलाड़ियों, कोचों और रेफरियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपडेट रहने का अवसर मिलेगा।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

