गूलर बस हादसा: खाई में गिरकर नदी में समाई बस, 9 लोगों की मौत, 27 घायल; एक घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान

गूलर बस हादसा: 9 की मौत, 27 घायल, नदी में गिरी बस

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में गिरी, चालक और परिचालक समेत नौ लोगों की गई जान, एम्स ऋषिकेश में घायलों का उपचार जारी।

ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल, 17 नवंबर 2026। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण बस हादसा हो गया। मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर पुल के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे थाना मुनि की रेती को बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। इसके बाद मुनि की रेती और नरेंद्र नगर थाने की पुलिस, फायर सर्विस, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान में शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप की टीम ने भी सहयोग किया।

एक घंटे के भीतर 27 घायलों का रेस्क्यू

हादसे की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ स्थानीय अस्पतालों, निजी अस्पतालों तथा एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस और बचाव दलों ने तेजी से अभियान चलाते हुए एक घंटे के भीतर सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में सात लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दो लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

हरिद्वार से सुबह 3:15 बजे चली थी बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA-9779 मंगलवार सुबह करीब 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक सहित कुल 34 लोग सवार थे। बस को रुद्रप्रयाग जिले के क्यूरी पोखरी निवासी राजेंद्र सिंह चला रहे थे। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के पास बस नदी में जा गिरी।

मृतकों की सूची में चालक और परिचालक भी शामिल

पुलिस से प्राप्त जानकारी और बाद में जारी मृतकों की सूची के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में बस चालक राजेंद्र सिंह और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार बताई गई है:

  1. पन्नू, निवासी मेखण्डी, पौड़ी गढ़वाल।

  2. अनुज भंडारी, निवासी बडल भवानी, शिवपुरी, टिहरी गढ़वाल (परिचालक)।

  3. राज राय, निवासी जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल।

  4. दीपक गुप्ता, निवासी मध्य प्रदेश।

  5. राजेंद्र सिंह, निवासी पोखरी, रुद्रप्रयाग (चालक)।

  6. विक्की, निवासी चंदौसी, संभल, उत्तर प्रदेश।

  7. सुशील प्रताप सिलोडी, निवासी अज्ञात।

  8. विकास गुप्ता, निवासी मध्य प्रदेश।

  9. रोहित कश्यप, निवासी चंदौसी, संभल, उत्तर प्रदेश।

घायलों में उत्तराखंड, झारखंड, बिहार और अन्य राज्यों के लोग

हादसे में घायल यात्रियों में उत्तराखंड के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के निवासी भी शामिल हैं। घायलों में तीन साल की बच्ची आयरा भी है। सभी घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वहीं, मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई भी जारी है। दुर्घटनास्थल से यात्रियों का सामान सुरक्षित रखने के लिए गूलर पुलिस चौकी में जमा कराया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां राहत एवं बचाव तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं।

राज्यपाल ने सड़क दुर्घटनाओं पर जताया शोक

उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी गढ़वाल के गूलर, दोगी पट्टी और रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में हताहत हुए लोगों के प्रति गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

'अपनी कहानी हम खुद नहीं कहेंगे तो कौन कहेगा', उत्तराखंड में फिल्म स्कूल की वकालत कर गए विशाल भारद्वाज

मंगल नवम्बर 17 , 2026
The India Vox से बातचीत में फिल्मकार ने गढ़वाली सिनेमा, स्थानीय साहित्य और नई पीढ़ी के फिल्म निर्माताओं पर रखी अपनी बात; बोले- 25 बच्चों के साथ भी शुरू किया जा सकता है फिल्म स्कूल रवि प्रियांशु देहरादून, 17 नवंबर 2026। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां, यहां की लोकसंस्कृति, भाषा, साहित्य और […]
विशाल भारद्वाज ने की उत्तराखंड में फिल्म स्कूल की वकालत

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share