11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के सेमीफाइनल में दोनों टीमों ने दर्ज की 2-1 से जीत, अब खिताब के लिए होगी भिड़ंत
देहरादून | 11 अगस्त 2026
सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून में आयोजित 11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का खिताबी मुकाबला मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल और द दून स्कूल, देहरादून के बीच खेला जाएगा। मंगलवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांचक टक्कर देखने को मिली, जिसमें दोनों विजेता टीमों ने 2-1 के अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
द दून स्कूल ने वेलहम बॉयज़ को दी शिकस्त
पहले सेमीफाइनल में द दून स्कूल और वेलहम बॉयज़ स्कूल आमने-सामने थे। द दून स्कूल ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबला 2-1 से अपने नाम किया।
द दून स्कूल की ओर से उदय ने 15वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद जय राणा ने 45वें मिनट में दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। वेलहम बॉयज़ स्कूल की ओर से विवान ने 50वें मिनट में गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी।
मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल भी फाइनल में
दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल का सामना कसीगा स्कूल, देहरादून से हुआ। मेजबान टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए 5वें मिनट में रहयान के गोल की मदद से बढ़त बनाई।
इसके बाद अदित्य राज शंकर ने 16वें मिनट में दूसरा गोल दागकर सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल को 2-0 की बढ़त दिला दी। कसीगा स्कूल के अनिरुद्ध ने 55वें मिनट में गोल कर अंतर जरूर कम किया, लेकिन सेलाकुई की टीम ने अंत तक बढ़त बरकरार रखी और 2-1 से मुकाबला जीत लिया।
अब खिताब के लिए होगी सीधी भिड़ंत
सेमीफाइनल के नतीजों के बाद अब सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल और द दून स्कूल के बीच फाइनल मुकाबला होगा। दोनों टीमों के प्रदर्शन को देखते हुए खिताबी मुकाबले में कड़ी प्रतिस्पर्धा की उम्मीद है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 10 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें द दून स्कूल, वेलहम बॉयज़ स्कूल, बिशप कॉटन स्कूल, द सागर स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई, कसीगा स्कूल, जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, द एशियन स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं।

डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत संभाल रहे रेफरी पैनल
टूर्नामेंट के सुचारू संचालन के लिए उत्तराखंड के पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, वरिष्ठ रेफरी और अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में भूपाल सिंह नेगी, मनोज नेगी, रोशन चंद, हर्षित चौहान, वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति और विमल सिंह रावत रेफरी पैनल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
यह टूर्नामेंट अंडर-19 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धी अनुभव हासिल करने का मंच दे रहा है। विद्यालयी फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिहाज से भी प्रतियोगिता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Also Read: उत्तराखंड मौसम अपडेट पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.







