बिना स्वीकृत मानचित्र बनाए जा रहे फ्लैट और डुप्लैक्स भवनों पर MDDA की कार्रवाई, अधिकारियों ने नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में भी सख्ती के संकेत दिए
Dehradun, 09 June 2026: राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्हान और चन्द्रवनी क्षेत्र में चार भवनों को सील कर दिया। इनमें बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित किए जा रहे फ्लैट और डुप्लैक्स भवन शामिल हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
MDDA को इन निर्माणों के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय निरीक्षण किया गया, जिसमें कई निर्माण कार्य विकास प्राधिकरण के नियमों के विपरीत पाए गए। जांच रिपोर्ट के बाद उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई।
कुल्हान में फ्लैट परियोजना पर कार्रवाई
प्राधिकरण की पहली कार्रवाई कुल्हान क्षेत्र के नागल हटनाल में की गई। यहां चिराग तलवार द्वारा दो बहुमंजिला भवनों को जोड़कर फ्लैट विकसित किए जा रहे थे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद एमडीडीए की टीम ने दोनों भवनों में बनाए जा रहे फ्लैटों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
चन्द्रवनी में दो डुप्लैक्स भवनों पर ताला
इसके बाद एमडीडीए की टीम ने चन्द्रवनी रोड स्थित द्वारिका पुरी क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां सुभाष चौधरी द्वारा दो डुप्लैक्स भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में निर्माण कार्य नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर प्राधिकरण ने दोनों भवनों को सील कर निर्माण गतिविधियों पर रोक लगा दी।
राजधानी में अवैध निर्माणों पर सख्त निगरानी
MDDA अधिकारियों के अनुसार, बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे भवन शहरी नियोजन व्यवस्था को प्रभावित करते हैं और भविष्य में यातायात, पार्किंग, पेयजल, सीवरेज तथा आपदा प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव बढ़ाते हैं। इसी को देखते हुए प्राधिकरण लगातार निगरानी अभियान चला रहा है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि कुल्हान और चन्द्रवनी में की गई कार्रवाई यह स्पष्ट संदेश देती है कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां और स्वीकृत मानचित्र प्राप्त करने की अपील की।
वहीं एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों की लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विकास के लिए नियमों का पालन आवश्यक है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त रुख जारी रहेगा।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

