पांवटा साहिब सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, प्रशासन और निहंग प्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण वार्ता जारी।
Dehradun | June 26, 2026
पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड की ओर आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय के मद्देनज़र शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
WATCH VIDEO CLICK HERE
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। देहरादून आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।
इस बीच प्रशासन की ओर से गुरुद्वारा पांवटा साहिब में निहंग समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में लगातार वार्ता जारी है। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि संवाद के माध्यम से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है तथा प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन और पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी तथा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.
