TA Recruitment Rally के तहत 69 पदों पर होगी भर्ती, 03 अगस्त से शुरू होगी चयन प्रक्रिया।
Dehradun | June 29, 2026
TA Recruitment Rally के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इको कुमाऊँ ने पूर्व सैनिकों एवं पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह भर्ती रैली 03 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक देवकटिया ग्राउंड, पिथौरागढ़ में आयोजित होगी। भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 06:00 बजे से शुरू होगी। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 69 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा।
TA Recruitment Rally का पूरा कार्यक्रम
जारी कार्यक्रम के अनुसार 03 अगस्त को अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 04 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी। वहीं 05 अगस्त से 08 अगस्त तक शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और साक्षात्कार कराया जाएगा।
69 पदों पर होगी भर्ती
TA Recruitment Rally के तहत कुल 69 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सैनिक (सामान्य ड्यूटी) के 49 पद केवल उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा अन्य ट्रेडों में भर्ती इस प्रकार होगी—
- सैनिक (सामान्य ड्यूटी) – 49 पद (केवल उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के लिए)
- सैनिक (शेफ कम्युनिटी) – 4 पद
- सैनिक (वाशरमैन) – 2 पद
- सैनिक (टेलर) – 2 पद
- सैनिक (इक्विपमेंट रिपेयरर) – 2 पद
- सैनिक (हेयर ड्रेसर) – 3 पद
- सैनिक (ब्लैक स्मिथ) – 1 पद
- सैनिक (क्लर्क) – 1 पद
- सैनिक (कारपेंटर) – 3 पद
- सैनिक (हाउस कीपर) – 2 पद
सैनिक (सामान्य ड्यूटी) के पदों को छोड़कर शेष सभी ट्रेडों के लिए पात्र पूर्व सैनिक अखिल भारतीय स्तर पर आवेदन कर सकेंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती रैली में पेंशनधारक पूर्व सैनिक तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC) अथवा उत्तराखंड राज्य वन विभाग में न्यूनतम 20 वर्ष की सेवा पूरी कर चुकी पात्र भूतपूर्व महिला कर्मी आवेदन कर सकेंगी। साथ ही, नामांकन सेवानिवृत्ति अथवा सेवा से मुक्त होने की तिथि से पांच वर्ष के भीतर होना आवश्यक है।
क्या हैं पात्रता की शर्तें?
अभ्यर्थियों का मेडिकल कैटेगरी SHAPE-1 होना अनिवार्य है। चरित्र Exemplary/Very Good (अनुकरणीय/बहुत अच्छा) होना चाहिए।
इसके अलावा पुरुष अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 50 किलोग्राम तथा महिला अभ्यर्थियों का 42 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। पुरुषों की न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर (गोरखा एवं गढ़वाली अभ्यर्थियों के लिए 152 सेंटीमीटर) तथा पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए 150 सेंटीमीटर तय की गई है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का न्यूनतम माप 82 सेंटीमीटर तथा 5 सेंटीमीटर का विस्तार अनिवार्य होगा, जबकि महिला अभ्यर्थियों को भी 5 सेंटीमीटर तक सीने का विस्तार करने में सक्षम होना होगा।
भर्ती रैली में कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी होंगे?
पूर्व सैनिकों को मूल डिस्चार्ज बुक, पीपीओ की मूल प्रति एवं छायाप्रति, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट आकार के सात रंगीन फोटो साथ लाने होंगे।
वहीं पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों को मूल पेंशन आदेश, संबंधित विभाग द्वारा जारी 20 वर्ष की सेवा का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट आकार के सात रंगीन फोटो प्रस्तुत करने होंगे।
चयनित अभ्यर्थियों को क्या मिलेगा?
चयनित अभ्यर्थियों का प्रारंभिक नामांकन दो वर्ष के लिए किया जाएगा, जिसे संतोषजनक प्रदर्शन एवं उपयुक्तता के आधार पर एक-एक वर्ष के लिए आगे बढ़ाया जा सकेगा। नामांकित कार्मिकों की सेवा वर्ष में अधिकतम आठ माह तक होगी, जो वित्तीय एजेंसियों की आवश्यकता के अनुसार निर्धारित की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को उनके पद एवं सेवा समूह के अनुसार मूल वेतन, महंगाई भत्ता तथा नियमानुसार अन्य अनुमन्य भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।
यहां मिलेगी पूरी जानकारी
130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इको कुमाऊँ ने पात्र पूर्व सैनिकों एवं भूतपूर्व महिला कर्मियों से निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ भर्ती रैली में उपस्थित होने की अपील की है।
भर्ती से संबंधित विस्तृत पात्रता, दिशा-निर्देश और ऑनलाइन नामांकन की जानकारी www.130ta.com पर तथा जारी किए गए क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

