निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने के बाद दून अस्पताल प्रशासन ने तीनों जन औषधि केंद्र संचालकों को नोटिस जारी किया।
Dehradun | 01 August, 2026
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज से संबद्ध दून अस्पताल में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों के औचक निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जिला फार्मेसी अधिकारी की निरीक्षण रिपोर्ट में तीनों केंद्रों पर ऐसी जेनेरिक दवाएं मिलने का उल्लेख है, जिनके पैकेट पर प्रधानमंत्री जन औषधि योजना का अधिकृत लोगो नहीं था।
WATCH VIDEO
रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल प्रशासन ने तीनों जन औषधि केंद्र संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि बिना अधिकृत लोगो वाली दवाओं का स्टॉक रखना और उनका वितरण प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (PMBI) के नियमों के विपरीत है। इससे दवाओं की प्रामाणिकता और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ केंद्रों पर योजना के दायरे से बाहर की दवाएं और अन्य उत्पाद भी बेचे जा रहे थे। इस संबंध में भी केंद्र संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अस्पताल प्रशासन ने सभी संचालकों को दो कार्य दिवस के भीतर यह बताने के निर्देश दिए हैं कि संबंधित दवाएं किस स्रोत से खरीदी गईं, केंद्र तक कैसे पहुंचीं और उनकी बिक्री किस अनुमति के आधार पर की जा रही थी।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित जन औषधि केंद्रों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जा सकती है। साथ ही पीएमबीआई के प्रावधानों और अन्य लागू नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला फार्मेसी अधिकारी की रिपोर्ट में इन अनियमितताओं को पीएमबीआई के अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन बताते हुए अस्पताल प्रशासन से नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की गई है।







